हत्या व दुष्कर्म के आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए जालंधर पुलिस ने बिहार के कई शहरों में चलाया सर्च अभियान
जालंधर में अपराध बढ़ता जा रहा है। बीते दिनों तल्हण के पास सलेमपुर गांव में दो बच्चों को मारकर छप्पड़ में फेंकने व गांव हजारा में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने के मामले भी सामने आए थे।
जालंधर, जेएनएन। अपने दो बच्चों को मार कर तल्हण के पास सलेमपुर गांव के छप्पड़ में फेंकने वाले रंजीत और गांव हजारा में मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म कर उसकी हत्या करने वाले संतोष की गिरफ्तारी के लिए जालंधर पुलिस ने बिहार के कई शहरों में छापेमारी की लेकिन दोनों में से कोई हाथ नहीं आया। पुलिस ने दोनों के कई रिश्तेदारों को भी राउंडअप किया लेकिन फिर भी कोई सफलता नहीं मिली। दोनों की गिरफ्तारी के लिए जालंधर पुलिस की एक स्पेशल टीम बिहार में रवाना हुई थी।
रंजीत बिहार के पटौरी गांव में रहता है और उसका परिवार भी वहीं पर है। वहीं संतोष भी कटिहार जिला में ही रहता है। ऐसे में दो एसआइ और तीन एएसआइ सहित सात लोगों की टीम बिहार में रवाना हुई थी और आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की। पुलिस ने बिहार पुलिस की मदद लेकर पटौरी गांव और कटिहार में छापेमारी की लेकिन दोनों वहां पर नहीं मिले। इसके बाद पुलिस ने उनके रिश्तेदारों के बारे में पता लगाया जो दूसरे शहरों में रहते थे। उनके घरों पर भी पुलिस ने सर्च की लेकिन उनका कुछ पता नहीं चला।
बिहार जाने से पहले ही दोनों मामलों में जालंधर पुलिस ने बिहार के जिला कटिहार के पुलिस अधिकारियों से संपर्क साध लिया था। अब बिहार में जाकर वहां की पुलिस की मदद ली जाएगी और आरोपितों के ठिकानों पर छापेमारी की जाएगी। बीते दिनों तल्हण के पास सलेमपुर रोड पर स्थित छप्पड़ से दो मासूम बच्चों अनमोल (5)व राकेश (3) के शव मिले थे। पुलिस की जांच में सामने आया था कि बच्चों की हत्या की गई है। बच्चों की मां रंगीली देवी ने आरोप लगाया था कि बच्चों की हत्या उससे पिता रंजीत मंडल ने ही की है।
बच्चों की मां रंगीली देवी के बयानों के मुताबिक रंजीत 30 नवंबर को बच्चे उससे छीन कर ले गया था। इसके बाद ही उसने बच्चों की हत्या कर दी होगी। रंजीत 30 नवंबर को ही ईसपुर स्थित सरकारी स्कूल से ही बच्चों को जबरन ले गया था। रंगीली अपने बच्चों को उस दिन स्कूल लेकर कापियां व किताबें लेने गई थी। रंजीत बच्चों को स्कूल में पढ़ाने के खिलाफ था और कहता था कि उन्हें जान से मार देगा। रंगीली ने पति पर आरोप लगाए हैं कि वह उसके चरित्र पर शक करता था। बिहार के कटिहार जिले के फलका थाने के बबनी गांव निवासी रंगीली देवी व दरभंगा के पटौरी गांव के निवासी रंजीत का विवाह छह साल पहले हुआ था। शव मिलने के 24 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस कागजी कारवाई में ही उलझी रही। जिसके बाद थाना पतारा की पुलिस ने रंजीत के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया।
वहीं, रविवार को जालंधर के हजारा गांव में रविवार को दिल दहलाने वाले घटना सामने आई थी। बिहार के कटिहार जिले में रहने वाले एक 24 वर्षीय युवक ने दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए अपने साथ वाले क्वार्टर में रहने वाली सात वर्षीय मासूम की दुष्कर्म के बाद गला घोंट कर हत्या कर दी थी। बच्ची का शव सुबह उसके घर के पास ही गन्ने के खेतों में अर्धनग्न हालत में मिला था। बच्ची की हत्या बीते दिन ही कर दी गई थी। हत्या करने के बाद आरोपित मौके से फरार हो गया था। आरोपित की पहचान कांत नगर, थाना बरारी, जिला कटिहार, बिहार निवासी (हाल निवासी हजारा गांव) संतोष महतो के रूप में हुई थी। हत्या करने के बाद आरोपित फरार हो गया था।
बच्ची का शव रामामंडी के पास गांव हजारा के गन्ने के खेतों के पास मिला था। बच्ची के परिजनों ने बताया कि बच्ची शनिवार दोपहर घर से खेलने के लिए बाहर निकली। काफी देर तक वह घर नहीं आई तो उसकी माता उसे ढूंढने के लिए निकली। घर के बाहर खेल रहे बच्चों ने बताया कि बच्ची के घर के पास बने क्वार्टरों में रहने वाला संतोष महतो नामक युवक बच्ची को साइकिल पर बिठाकर अपने साथ ले गया। वह भी अपने घर से गायब था। ऐसे में बच्ची के परिजनों ने पुलिस को सूचित कर दिया था। आरोपित के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था।