जालंधर में नम आंखों से मासूम बच्ची का अंतिम संस्कार, पड़ोसी ने कर दी थी दुष्कर्म के बाद हत्या
जालंधर के हजारा गांव में दुष्कर्म के बाद सात साल की बच्ची की हत्या से हर कोई सकते में हैं। सोमवार सुबह दस बजे घरवालों ने बच्ची के शव का अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई और मुखाग्नि दी।
जालंधर, जेएनएन। जालंधर-होशियारपुर रोड स्थित गांव हजारा में सात साल की मासूम बच्ची का घरवालों ने नम आंखों अंतिम संस्कार कर दिया। सोमवार सुबह दस बजे घरवालों ने बच्ची के शव का अंतिम संस्कार किया गया। पिता ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई और मुखाग्नि दी। इस दौरान इलाके के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे थे। बच्ची के साथ हुई घिनौनी हरकत स हर कोई दुखी था।
बता दें कि गांव में ही पड़ोस में रहने वाले दरिंदे ने वहशीपन की सभी हदें पार करते हुए दुष्कर्म करने के बाद बच्ची की हत्या कर दी थी। उसने शव को बच्ची के घर के सामने ही गन्ने के खेत में फेंक दिया था। बच्ची के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या की घटना शनिवार की है। आरोपित संतोष महतो उसे दुकान से टाफी दिलाने के बहाने साइकिल पर बिठाकर ले गया था। शाम को वह वापस भी आया था। उसने बच्ची के घरवालों के साथ उसे ढूढ़ने का नाटक भी किया फिर बाद में फरार हो गया था। बच्ची का शव घरवालों को रविवार सुबह मिला था। पुलिस ने संतोष पर मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
बिहार रवाना हो सकती हैं जालंधर पुलिस की टीमें
सोमवार को मामले में एसएसपी संदीप गर्ग ने कहा कि आरोपित की हर हाल में गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाएगी। संतोष मूल रूप से बिहार का रहने वाला है। उसकी तलाश में कई टीमें बिहार रवाना होने की तैयारी में हैं। जालंधर पुलिस मामले की जांच के लिए स्पेशल इंवेस्टीगेशन टीम भी बना सकती है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें