जालंधर में KMV की छात्राएं खुद चलाती हैं अपना रेडियो, रोजाना प्रस्तुत करती हैं रोचक कार्यक्रम
जालंधर में केएमवी की छात्राएं अपना खुद का रेडियो चैनल चलाती हैं। वे रेडियो जाकी (आरजे) के रूप में डू यू नो हेल्थ टिप्स इनसे मिलिए खबरें देश-विदेश विमेन एंपावरमेंट युवा मन आदि प्रोग्रामों के जरिये श्रोताओं को महत्वपूर्ण जानकारी मुहैया करवाती हैं।
जालंधर, जेएनएन। शहर के कन्या महाविद्यालय (केएमवी) की छात्राएं खुद रेडियो प्रोग्राम तैयार करके अपना टैलेंट दिखा रही हैं। हाल में रेडियो वाओ के जरिए छात्राओं में छिपी प्रतिभा निखारने और उन्हें सामाजिक मुद्दों को लेकर जागरूक करने के लिए विशेष ईवेंट करवाया गया। इसका मकसद छात्राओं के ज्ञान में बढ़ोतरी के साथ-साथ उनके छिपे हुए हुनर को तराशना रहा।
प्रिंसिपल प्रो. अतिमा शर्मा द्विवेदी ने कहा कि संस्थान की तरफ से आनलाइन रेडियो चैनल वाइस आफ वूमेन (वाओ) चलाया जा रहा है। इसके जरिए छात्राओं को गुणात्मक जानकारी दी जाती है। छात्राओं की तरफ से रोजाना प्रोग्राम पेश किए जाते हैं। उन्होंने कहा कि मौजूदा समय में युवाओं तक आवाज पहुंचाने और उन्हें उत्तम दिशा प्रदान करने के लिए आनलाइन माध्यम ज्यादा महत्वपूर्ण हैं। रेडियो वाओ लगातार विभिन्न सामाजिक, आर्थिक और सांस्कृतिक मुद्दों पर महिलाओं की आवाज बनने में कामयाब हुआ है। इस पर छात्राएं खुद प्रोग्राम तैयार करके उन्हें प्रस्तुत करती हैं। उन्हें प्रोग्राम प्रसारित करने की तकनीक सिखाई जा रही है।
कई रोचक कार्यक्रम प्रस्तुत करती हैं छात्राएं
रेडियो जाकी (आरजे) के रूप में विद्यार्थी डू यू नो, हेल्थ टिप्स, इनसे मिलिए, खबरें देश-विदेश, विमेन एंपावरमेंट, युवा मन आदि प्रोग्रामों के जरिये श्रोताओं को महत्वपूर्ण जानकारी मुहैया करवाती हैं। उन्होंने इसके लिए पीजी डिपार्टमेंट आफ जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन की सराहना की। अत्याधुनिक सुविधाओं युक्त विभाग के स्टेट-ऑफ-द-आर्ट ऑडियो और वीडियो स्टूडियो, फोटोग्राफी कैमरे, एडिटिंग मशीन आदि के साथ छात्राओं को व्यवहारिक ज्ञान दिया जा रहा है।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें