यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jan 30, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Punjab Election: उद्योगपति बोले- कई सरकारें आई और गई, नेताओं ने इंडस्ट्री के मुद्दों को गंभीरता से नहीं लिया
जालंधर में उद्यमियों ने कहा कि पंजाब सरकार इंडस्ट्री के मुद्दों को हल नहीं कर सकी। एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण नहीं हो सका है। सरकार ने जगह मुहैया करवा दी लेकिन काम शुरू नहीं करवा पाई। नए फोकल प्वाइंट की मांग भी नजरअंदाज की जा रही है।

जासं, जालंधर। इंडस्ट्रीयल एस्टेट एंड एक्सटेंशन वेल्फेयर सोसायटी ने राज्य सरकारों पर उनकी अनदेखी का आरोप लगाया है। स्थानीय होटल में वार्षिक बैठक में इंडस्ट्री के विभिन्न मुद्दों को उठाते हुए प्रधान सूबा सिंह व ज्वाइंट एक्शन कमेटी के प्रधान गुरशरण सिंह ने कहा कि कई सरकारें आईं और गईं लेकिन इंडस्ट्री के मुद्दों को हल नहीं कर सकी। एफ्लुएंट ट्रीटमेंट प्लांट का निर्माण नहीं हो सका है। सरकार ने जगह मुहैया करवा दी लेकिन काम शुरू नहीं करवा पाई। नए फोकल प्वाइंट की मांग को भी नजरअंदाज किया जा रहा है।
निगम के मास्टर प्लान के मुताबिक इंडस्ट्रीयल जोन तो बना दिए हैं लेकिन बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर नहीं है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री सरकार को करोड़ों रुपये का रेवन्यू दे रही है लेकिन मूलभूत सुविधाएं न के बराबर हैं। सरकार इंडस्ट्री के बारे में नहीं सोचती है। ज्वाइंट एक्शन कमेटी ने अपने बल पर कई मुद्दों को सरकार से हल करवाया है। विधानसभा चुनाव नजदीक हैं लेकिन इंडस्ट्री को सरकार से आस नहीं रखनी चाहिए। सरकार ने इंडस्ट्री की बेहतरी के लिए काम नहीं किया है।
चुनाव में विभिन्न राजनीतिक पार्टियों के उम्मीदवार इंडस्ट्री से वादे कर रहे हैं लेकिन सत्ता में आने के बाद सरकारें वादें भूल जाती हैं। सोसायटी के वाइस प्रेसीडेंट जसविंदर सिंह ने कहा कि इंडस्ट्री विभाग पुरानी फैक्ट्री के साइट प्लान का नक्शा बनाने के लिए कह रहा है। नक्शा बनाने वाली कंपनियां अधिक पैसों की मांग करती हैं। उन्होंने आरोप लगाते हुए कहा कि इन कंपनियों के साथ विभाग की मिलीभगत है। इंडस्ट्री पर अफसरशाही को बढ़ाया जा रहा है। उद्यमियों को एकत्र होकर अपने हक के लिए लड़ना होगा। किसी विधायक व मंत्री के पीछे जाने की जरूरत नहीं है। गुरशरण सिंह ने कहा कि विधायक या मंत्री ने इंडस्ट्री की किसी भी समस्या का हल नहीं करवाया है बल्कि इंडस्ट्री ने खुद संघर्ष करके मुश्किलें दूर की हैं। उन्होंने कहा कि किसी साथी को उम्मीदवार पसंद नहीं है तो वह नोटा का बटन भी दबा सकता है। इस दौरान सोसायटी के सदस्यों ने वार्षिक डायरी रिलीज की।
इस अवसर पर सोसायटी के चेयरमैन जीएल महेन्द्रू, गुरचरण सिंह, प्रवीण गैंद, जसवीर सिंह, रमन गुप्ता, सुखविंदर सिंह, संजय गोयल, इंद्रजीत सिंह, कमल कोहली, अर्जुन तलवाड़, राजेश कपूर, अजय सिक्का, हरजीत सिंह, परमजीत सिंह, राकेश बहल, राज कुमार शर्मा, रमन कुमार, गगनदीप सिंह, कृष्ण लाल अरोड़ा, जगदीश चंद्र व अन्य उपस्थित थे।