विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में दीवाली पर पटाखे से लगी आग, बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत; पालतू डॉग ने भी तोड़ा दम

Published: Mon, 09 Nov 2026 11:18 AM (IST)

दिवाली की रात जालंधर के निजातम नगर में एक मकान में पटाखे से आग लग गई। इस भीषण आग में ...और पढ़ें

जालंधर में दीवाली पर पटाखे से लगी आग (प्रतीकात्मक फोटो)

जालंधर में दीवाली पर पटाखे से लगी आग (प्रतीकात्मक फोटो)

HighLights

  1. दिवाली रात पटाखे से मकान में लगी भीषण आग

  2. जालंधर के निजातम नगर में बुजुर्ग की जलकर मौत

  3. पालतू जानवर भी आग की चपेट में आकर मौत

जागरण संवाददाता, जालंधर। दीवाली की रात पटाखे की चिंगारी एक परिवार के लिए जिंदगी भर का दर्द बन गई। निजातम नगर की गली नंबर छह में एक मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में पटाखा गिरने से भीषण आग लग गई। आग की चपेट में आने से कमरे में मौजूद बुजुर्ग की जिंदा जलकर मौत हो गई।

कमरे में मौजूद उनका पालतू जानवर भी आग की भेंट चढ़ गया। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और दीवाली की खुशियां मातम में बदल गईं।

आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि दीवाली की रात इलाके में लोग पटाखे चला रहे थे। इसी दौरान एक जलता हुआ पटाखा हवा में उड़कर मकान की दूसरी मंजिल पर बने कमरे में जा गिरा।

कमरे का सामान भी हुआ खाक

पटाखे की चिंगारी से कमरे में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और कमरे में रखा सामान इसकी चपेट में आ गया।

हादसे के समय परिवार के अन्य सदस्य घर से बाहर गए हुए थे, जबकि बुजुर्ग कमरे में अकेले मौजूद थे। आग तेजी से फैलने और कमरे में धुआं भरने के कारण उन्हें बाहर निकलने का मौका नहीं मिला।

लपटों की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। उनके साथ मौजूद पालतू जानवर भी आग में झुलसकर मर गया। मकान की ऊपरी मंजिल से आग की ऊंची लपटें उठती देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने अपने स्तर पर आग बुझाने का प्रयास किया और दमकल विभाग को सूचना दी।

दमकलकर्मियों ने 22 मिनट तक की मशक्कत

सूचना मिलते ही दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने करीब 22 मिनट की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, तब तक कमरे में रखा सारा सामान जलकर राख हो चुका था।

हादसे की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। जिस घर में कुछ देर पहले दीवाली की खुशियां मनाई जा रही थीं, वहां अब मातम पसरा हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।