जालंधर के होनहार, डीएवी के तीन स्टूडेंट्स ने MA Sanskrit में पाई जीएनडीयू की पहली तीन पोजिशन
छात्र धर्मेंद्र कुमार ने जीएनडीयू से पहला स्थान हासिल किया जबकि मोनिका ने दूसरा और प्रिया ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया। इस अवसर पर कालेज प्राचार्य डा. संजीव कुमार अरोड़ा ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त की।
जालंधर, जेएनएन। डीएवी कॉलेज से एमए संस्कृत के सेमेस्टर पहले में विद्यार्थियों ने गुरु नानक देव यूनिवर्सिटी से पहली तीन पोजिशन हासिल कर अपना परचम लहराया। छात्र धर्मेंद्र कुमार ने पहला स्थान हासिल किया जबकि मोनिका ने दूसरा और प्रिया ने तीसरे स्थान पर कब्जा जमाया।
कॉलेज प्राचार्य डा. संजीव कुमार अरोड़ा ने विद्यार्थियों की सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए कहा कि छात्रों ने यह सिद्ध कर दिया कि डीएवी वह प्रयोगशाला है, जहां प्रतिभाओं को तराशा जाता है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि कॉलेज के लिए गर्व की बात है। डॉ. एसके अरोड़ा ने विद्यार्थियों सहित उनके अभिभावकों तथा संस्कृत विभाग के मेहनती स्टाफ को बधाई देते हुए विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य हेतु शुभकामनाएं प्रेषित की।
संस्कृत विभाग की अध्यक्ष प्रो. जीवन आशा ने इस सफलता का श्रेय विद्यार्थियों तथा स्टाफ की कड़ी मेहनत को देते हुए उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी विद्यार्थी इसी तरह से मेहनत कर यूनिवर्सिटी पोजिशंस हासिल करें। उन्होंने विद्यार्थियों को लाकडाउन जैसी परिस्थिति के बीच भी पढ़ाई से जुड़े रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि कोविड की वजह से सबसे ज्यादा नुकसान शिक्षा के क्षेत्र का हुआ है, मगर सभी को चाहिए कि वे अपने कीमती समय का सदुपयोग करें। किसी भी विषय में परेशानी हो तो घबराएं नहीं। घर पर सुरक्षित माहौल के बीच रहते हुए टाइम टेबल के अनुसार पढ़ाई करें और परेशानियों में अपने विषय टीचर के साथ जरूर संपर्क करें।