नोटबंदी का विरोधः सांसद चौधरी की अगुआई में कांग्रेस ने फूंका मोदी सरकार का पुतला
नोटबंदी के दो साल पूरे होने पर जालंधर में भी कांग्रेस ने मोदी सरकार का पुतला फूंका। इसका नेतृत्व सांसद संतोख चौधरी ने किया।
जेएनएन, जालंधर। शुक्रवार को नोटबंदी की दूसरी वर्षगांठ पर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। दोपहर करीब एक बजे कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सांसद संतोख चौधरी के नेतृत्व में कांग्रेस भवन के सामने मोदी सरकार का पुतला फूंका। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद थे। नारेबाजी करते हुए उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी के इस फैसले को जनविरोधी बताया। उन्होंने दावा किया किया नोटबंदी ने आम आदमी की कमर तोड़ दी। वहीं, छोटे कारोबारियों का काम धंधा चौपट कर दिया।
इस मौके पर विधायक राजिंदर बेरी, कांग्रेस जिला प्रधान दलजीत सिंह आहलुवालिया, सचिव राजकुमार राजू, जिला महिला कांग्रेस अध्यक्ष और पार्षद डॉ. जसलीन सेठी और अन्य कांग्रेस वर्कर्स मौजूद थे।
बाद में प्रेस कांफ्रैंस में सांसद संतोख चौधरी ने नोटबंदी को जनविरोधी बताया। उन्होंने कहा कि सरकार के इस कदम ने आम आदमी का जीना मुहाल कर दिया था। शहर के कारोबारियों को भी बहुत परेशानी से गुजरना पड़ा था। बता दें कि नोटबंदी के दो साल पूरे होने को लेकर कांग्रेस पूरे देश में रोष प्रदर्शन कर रही है।