कैसे जीतेंगे वायु प्रदूषण से जंग, शहर में हांफे CNG ऑटो लेकिन देहात में सरपट दौड़े
जालंधर शहर में केवल एक कंपनी सीएनजी उपलब्ध करवाने के लिए अधिकृत है। वह भी निजी क्षेत्र से सीएनजी खरीद कर देहात की तुलना में 25 रुपये महंगे दामों पर बेच रही है।
जालंधर, जेएनएन। महानगर को सीएनजी (कंप्रेस्ड नैचुरल गैस) के कॉमर्शियल उपयोग से प्रदूषण मुक्त बनाने की कवायद शहर में हांफती दिखाई दे रही है। दो वर्ष से भी ज्यादा बीत जाने के बाद भी शहर में एक भी पंप से सीएनजी की सुचारू सप्लाई संभव नहीं हो पाई है। हालांकि शुरुआत में जिस ग्रामीण क्षेत्र को ग्रीन फ्यूल के उपयोग के प्रति जागरूक करने में कोई खासी दिलचस्पी नहीं दिखाई गई थी, वहां पर अब सीएनजी तेजी से उपलब्ध हो रही है। लगातार सीएनजी पंप खुल रहे हैं और सस्ते मूल्य पर सीएनजी मुहैया करवाई जाने लगी है।
इधर, ग्रीन फ्यूल की तरफ आकर्षित हुए शहर के 1500 से ज्यादा थ्री व्हीलर चालक और अन्य वाहनों के मालिक अब खुद को ठगा हुआ महसूस कर रहे हैं। शहरी क्षेत्र में सीएनजी सप्लाई की जिम्मेदारी केंद्रीय तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने जय मधोक कंपनी को नियंत्रित मूल्य पर दी थी। लेकिन नियंत्रित मूल्य पर सीएनजी न मिल पाने के कारण कंपनी निजी बाजार से सीएनजी खरीदकर शहर में 25 रुपये प्रति किलो महंगे दाम पर उपलब्ध करवा रही है। कंपनी शहर में एक से ज्यादा पंप भी नहीं खोल पाई है। भूमिगत पाइपलाइन से शहर को सीएनजी उपलब्ध करवाने की कवायद तो शुरू ही नहीं हो पाई है।
हैरानी इस बात की है कि जिला प्रशासन हस्तक्षेप करने के बावजूद शहरी क्षेत्र में सीएनजी की उम्दा सप्लाई शुरू करवा पाने में पूरी तरह से विफल है। केंद्रीय मंत्रलय की तरफ से अधिकृत की गई निजी कंपनी के खिलाफ सप्लाई शुरू न करने को लेकर कोई कार्रवाई नहीं की गई। मात्र चेतावनी पत्र ही जारी किए जाते रहे।
दो वर्ष से भी ज्यादा अवधि के बाद शहर में एक भी पंप से सुचारू नहीं सीएनजी की सप्लाई
मार्च तक खुलेंगे पांच सीएनजी आउटलेट
डिप्टी कमिश्नर वरिंदर कुमार शर्मा ने वीरवार को ही नकोदर रोड पर थिंक गैस के सीएनजी आउटलेट का शुभारंभ करते हुए जानकारी दी है कि मार्च तक कंपनी की तरफ से पांच सीएनजी आउटलेट्स खोल दिए जाएंगे। हालांकि शहर में सीएनजी कब तक सुलभ तरीके से उपलब्ध हो सकेगी, इसका जवाब जिला प्रशासन के पास भी नहीं है। प्रशासन के स्तर पर कवायद इस बात की चल रही है कि एपीएम प्राप्त थिंक गैस कंपनी को ही शहर में सीएनजी सप्लाई शुरू करने के लिए अधिकृत किया जाए। जय मधोक कंपनी के ऑपरेशन एंड मेंटेनेंस अधिकारी जयंत मलिक ने कहा कि तेल एवं प्राकृतिक गैस मंत्रलय से एपीएम लेने की पुरजोर कोशिश की जा रही है, लेकिन यह कब तक मिल पाएगी इस बारे में कोई पुख्ता जानकारी नहीं है। शहर में जरूरत मुताबिक सीएनजी प्लांट न लगाने के कारण गंदगी का निपटारा नहीं हो रहा है।
थिंक गैस ने खोले तीन सीएनजी पंप
दूसरी तरफ देहात क्षेत्र में सीएनजी उपलब्ध करवाने के लिए अधिकृत की गई निजी कंपनी थिंक गैस की तरफ से 65 रुपये से लेकर 68.50 रुपये प्रति किलो के हिसाब से सीएनजी उपलब्ध करवाई जा रही है। कंपनी की तरफ से बीते कुछ माह में ही तीन से ज्यादा सीएनजी पंप खोले जा चुके हैं। शहर के थ्री व्हीलर चालक अब देहात क्षेत्र में जाकर अपने सीएनजी के टैंक फुल करवाने को मजबूर हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें