विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में एक्टिवा पर घर लौट रहे पिता पर चाकू से हमला, बेटे के सामने मौत

Published: Sat, 28 Nov 2026 03:31 PM (IST)Updated: Sat, 28 Nov 2026 03:32 PM (IST)

जालंधर के बूटा मंडी में शुक्रवार रात एक्टिवा पर घर लौट रहे सतपाल नामक व्यक्ति पर बेटे के सामने तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। 

एक्टिवा पर घर लौट रहे पिता पर चाकू से हमला। सांकेतिक फोटो

एक्टिवा पर घर लौट रहे पिता पर चाकू से हमला। सांकेतिक फोटो

HighLights

  1. जालंधर के बूटा मंडी में व्यक्ति की चाकू मारकर हत्या।

  2. मृतक सतपाल पर बेटे रोहनप्रीत के सामने हुआ हमला।

  3. पुलिस ने छुरी बरामद की, दो आरोपी नामजद किए गए।

जागरण संवाददाता, जालंधर। बूटा मंडी इलाके में शुक्रवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब अपने बेटे के साथ एक्टिवा पर घर जा रहे एक व्यक्ति को रास्ते में घेरकर तेजधार हथियार से हमला कर दिया गया। हमले में व्यक्ति ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

मृतक की पहचान सतपाल के रूप में हुई है। वारदात के बाद हमलावर फरार हो गए। घटना के समय मृतक का बेटा भी उनके साथ मौजूद था। परिवार ने दो युवकों पर हमले और हत्या में शामिल होने का आरोप लगाते हुए पुलिस से इंसाफ की गुहार लगाई है।

मृतक के बेटे रोहनप्रीत ने बताया कि शुक्रवार रात वह अपने पिता के साथ एक्टिवा पर घर लौट रहा था। रास्ते में यू-टर्न लेते समय कथित तौर पर अजय क्लेर ने उन पर तेजधार हथियार से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में उसके पिता गंभीर रूप से घायल हो गए। उसने शोर मचाकर आसपास के लोगों से मदद मांगने की कोशिश की, लेकिन कोई भी बचाव के लिए आगे नहीं आया। कुछ ही देर में सतपाल की मौत हो गई।

दो युवकों पर लगाया वारदात में शामिल होने का आरोप

परिवार ने अजय क्लेर और अमरजीत क्लेर को इस वारदात का आरोपी बताया है। परिजनों के अनुसार, सतपाल की दोनों युवकों के साथ कोई पुरानी रंजिश नहीं थी। उनका कहना है कि अजय बूटा मंडी में वेल्डिंग का काम करता है।

परिवार ने आरोप लगाया कि अजय नशे का आदी है और पहले भी लोगों के साथ मारपीट कर चुका है। स्थानीय लोगों ने भी ऐसे मामलों में पहले कार्रवाई नहीं होने पर सवाल उठाए हैं। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर पर पुष्टि होना बाकी है।

एक अन्य युवक पर भी किया हमला, निजी अस्पताल में भर्ती

परिजनों के मुताबिक, घटना के दौरान एक अन्य युवक पर भी किसी नुकीली चीज से हमला किया गया। घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। परिवार का दावा है कि हमले में उसकी सांस की नली को नुकसान पहुंचा है और उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

पुलिस ने कब्जे में लिया शव, छुरी बरामद

घटना की जानकारी मिलते ही थाना-6 की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी। थाना-6 के प्रभारी रवि ने बताया कि वारदात में इस्तेमाल की गई छुरी बरामद कर ली गई है। मृतक के बेटे के बयान के आधार पर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। उधर, परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।