जालंधर में भाजपा नेता अमरी बोले- दिल्ली में ट्रैक्टर परेड के नाम पर हुआ उपद्रव, पुलिस पर हमला शर्मनाक
जालंधर भाजपा रूरल चीफ अमरजीत सिंह ने कहा कि किसानों की ट्रैक्टर परेड के नाम पर उपद्रवियों ने वहां हिंसा की है। हिंसा से सिख धर्म की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सिखों को बदनाम करने की यह बड़ी साजिश है।
जालंधर, जेएनएन। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हुई हिंसा की हर तरफ कड़ी आलोचना हो रही है। जालंधर भाजपा रूरल चीफ अमरजीत सिंह ने कहा कि किसानों की ट्रैक्टर परेड के नाम पर उपद्रवियों ने वहां हिंसा की है। दंगाइयों ने लाल किले पर धार्मिक झंडा फहराकर लोगों की भावनाएं भड़काने का प्रयास किया है। दिल्ली पुलिस के जवानों पर तलवार और लाठी-डंडे से हमला करना शर्मनाक है। यहां तक कि पुलिसकर्मियों को ट्रैक्टर के नीचे कुचलने की कोशिश भी की गई। इस हिंसा से सिख धर्म की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। सिखों को बदनाम करने की यह बड़ी साजिश है।
अमरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सिखों व किसानों का बेहद सम्मान करते हैं। गणतंत्र दिवस पर दिल्ली में हिंसा करके शरारती तत्वों ने सिखों को बदनाम कर दिया है। धार्मिक भावनाएं भड़काने का प्रयास किया गया है। यह बेहद निंदनीय है। दिल्ली पुलिस ने तो किसानों को शांतपूर्ण ढंग से ट्रैक्टर परेड निकालने की इजाजत दी थी, मगर, कुछ शरारती लोगों ने ट्रैक्टर मार्च को 'टेरर मार्च' में बदल दिया।
किसान नेताओं ने शांति से ट्रैक्टर परेड निकालने का आश्वासन दिया था लेकिन उपद्रवियों ने इस दौरान जमकर हिंसा की है। अमरी ने कहा कि गणतंत्र दिवस पर भारत के संविधान का अपमान हुआ है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
शरारती तत्व किसानों के नाम पर षड्यंत्र रच रहे
अमरजीत सिंह अमरी ने कहा कि दिल्ली की हिंसात्मक कार्रवाई से यह बात जगजाहिर हो गई है कि मोदी सरकार तानाशाही नहीं कर रही, बल्कि कुछ शरारती लोग किसानों के नाम पर पड्यंत्र रच रहे हैं। सरकार व पुलिस ने तो शांति से परेड निकालने की इजाजत दे ही दी थी मगर शरारती तत्वों को हिंसा करने का बहाना मिल गया।