जालंधर 72 लाख लूट कांड की गुत्थी सुलझी, ड्राइवर और जीजा ने रची थी खौफनाक साजिश; 6 गिरफ्तार
जालंधर में लोहा कारोबारी ललित मित्तल से 72 लाख की लूट के मामले में पुलिस ने छह आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरी रकम बरामद कर ली है।

जालंधर 72 लाख लूट कांड की गुत्थी सुलझी। फोटो जागरण
HighLights
जालंधर में 72 लाख की लूट के 6 आरोपी गिरफ्तार।
पुलिस ने लूटी गई पूरी रकम बरामद करने का दावा किया।
कारोबारी का ड्राइवर निकला लूट का मुख्य साजिशकर्ता।
जागरण संवाददाता, जालंधर। सूर्या एंक्लेव निवासी लोहा कारोबारी ललित मित्तल से 72 लाख रुपये की लूट के मामले में कमिश्नरेट पुलिस ने छह आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने इनके कब्जे से लूट की पूरी रकम बरामद करने का दावा किया है।
जांच में सामने आया है कि वारदात के बाद रकम का बंटवारा शुरू हो गया था। मुख्य साजिशकर्ता बताए जा रहे सनी खोसला उर्फ मोना को 13 लाख रुपये मिले थे, जबकि कारोबारी के ड्राइवर और सनी के जीजा हरदीप सिंह उर्फ दीपू को 12-12 लाख रुपये दिए गए थे।
बाकी रकम का बंटवारा होना अभी बाकी था।पुलिस कमिश्नर सतिंदर सिंह ने बताया कि आरोपितों ने लूट की रकम में से कुछ पैसा खर्च भी कर दिया था। पूछताछ के दौरान पुलिस ने खर्च की गई रकम को भी बरामद कर लिया। इसके अलावा दो बिना नंबर की कारें, दो मोबाइल फोन, एक बेसबैट और एक डंडा बरामद किया गया है। ललित मित्तल ने 17 अगस्त को थाना रामा मंडी में शिकायत दी थी।
ड्राइवर था मुख्य साजिशकर्ता
उन्होंने बताया था कि वह कार से घर लौट रहे थे। रास्ते में सफेद रंग की कार ने उनकी कार को पीछे से टक्कर मारी। इसके बाद उसमें सवार आरोपितों ने रॉड से उनकी कार का शीशा तोड़कर अंदर रखा बैग निकाल लिया, जिसमें करीब 72 लाख रुपये थे। पुलिस जांच में सामने आया कि कारोबारी का ड्राइवर सनी ही लूट की साजिश में शामिल था।
उसने कारोबारी की गतिविधियों और नकदी की जानकारी अपने साथियों को दी। पुलिस के अनुसार, सनी खोसला उर्फ मोना ने साजिश को आगे बढ़ाया और अन्य आरोपितों को इसमें शामिल किया।
गिरफ्तार आरोपितों में साहिल, विकास, रंजीत सिंह, सनी खोसला उर्फ मोना, हरदीप सिंह उर्फ दीपू और राजवीर गिल उर्फ गिल साहिब शामिल हैं। अदालत ने सभी का पांच दिन का पुलिस रिमांड दिया है। पुलिस अब आरोपितों से वारदात की पूरी साजिश और अन्य संभावित साथियों के बारे में पूछताछ कर रही है।
