जगमीत बराड़ को उम्मीद से कम तो उप्पल को भी मिला बिट्टू की नजदीकी का लाभ jalandhar News
पंजाब की कैप्टन सरकार ने पूर्व विधायक जगबीर बराड़ को पंजाब जल स्त्रोत कार्पोरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया है।
जेएनएन, जालंधर। पंजाब सरकार ने पूर्व विधायक जगबीर बराड़ को पंजाब जल स्त्रोत कार्पोरेशन का चेयरमैन नियुक्त किया है। बराड़ को मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का करीबी माना जाता है। साल 2012 के विधानसभा चुनाव से पहले जगबीर बराड़ ने अकाली दल से अलग होकर पंजाब पीपल्स पार्टी बनाने वाले अपने करीबी रिश्तेदार मनप्रीत बादल का साथ छोड़ कर कांग्रेस का दामन थामा था। कैप्टन ने सारे विरोध को दरकिनार करके बराड़ को कैंट हलके से टिकट दी। बराड़ चुनाव हार गए।
साल 2012 के विधानसभा चुनाव में हार के बाद जब कैप्टन पार्टी में हाशिए में थे और राहुल गांधी से भी रिश्ते ठीक नहीं थे तब भी बराड़ ने कैप्टन का साथ नहीं छोड़ा। बराड़ ही वो शख्स थे जिन्होंने पंजाब कांग्रेस में कैप्टन के दोबारा मजबूत होने में सक्रिय भूमिका निभाई थी। साल 2014 के लोकसभा चुनाव से पहले बराड़ ने कैप्टन की रैली करवा कर कांग्रेस में उनकी दमदार उपस्थिति दर्ज करवाई थी। 2017 के चुनाव में कैंट से उनका दावा मजबूत था लेकिन कांग्रेस हाईकमान के दबाव में परगट सिंह को टिकट मिली। ऐसे हालात में भी कैप्टन ने बराड़ को निराश नहीं किया और नकोदर से टिकट दी। बराड़ को जिस पंजाब जल स्त्रोत कार्पोरेशन की जिम्मेवारी सौंपी गई है वह बंद होने की कगार पर है। इस विभाग के तहत कंडी क्षेत्र समेत करीब 800 ट्यूबवेलों की देखरेख का जिम्मा आता है।
बिट्टू के करीबी शिविंदर उप्पल इंडस्ट्रियल बोर्ड के डायरेक्टर नियुक्त
पनसप के चेयरमैन तजिंदर बिट्ट् के करीबी शिविंदर उप्पल को पंजाब सरकार ने पंजाब स्टेट इंडस्ट्रियल डेवलपमेंट बोर्ड का डायरेक्टर नियुक्त किया है। उप्पल पुराने कांग्रेसी रहे हैं और रईया से पार्षद भी रह चुके हैं। वह 1985 में जालंधर शिफ्ट हुए थे। पेशे से बिजनेसमैन शिविंदर उप्पल को डायरेक्टर बनने पर चेयरमैन तजिंदर बिट्टू की मौजूदगी में राजीव मल्होत्रा, प्रवीण गुप्ता, अश्विनी मल्होत्रा, महेश कालिया, बंटी शर्मा, अमरजीत सिंह, बिल्लू चड्डा, विजय छिब्बड़, लवली कालिया, विपन भंडारी ने सम्मनित किया।
मनोज अरोड़ा को प्लानिंग बोर्ड के चेयरमैन और जसलीन को वाइस चेयरमैन बनाने की चर्चा
सीनियर कांग्रेस नेता मनोज अरोड़ा को जिला प्लानिंग बोर्ड का चेयरमैन नियुक्त जा सकता है। महिला कांग्रेस प्रधान एंव पार्षद डॉ. जसलीन सेठी बोर्ड की वाइस चेयरमैन लगाने की चर्चा है। इन दोनों को नाम लगभग तय माना जा रहा है लेकिन नजरें नोटिफिकेशन पर टिकी हैं। मनोज अरोड़ा पूर्व सांसद माेहिंदर सिह केपी के करीबी हैं। उनकी पत्नी अरुणा अरोड़ा पिछले 15 साल से पार्षद हैं। मनोज अरोड़ा तेज तर्रार नेता माने जाते हैं लेकिन पिछले कुछ महीनों से स्वास्थ्य ठीक न होने के कारण राजनीतिक प्रोग्रामों में कम एक्टिव रहे हैं। डॉ. जसलीन सेठी जालंधर में महिला कांग्रेस का चेहरा हैं। वह करीब 15 साल से महिला कांग्रेस की प्रधान हैं। पार्षद चुनाव जीत कर जनाधार भी दिखा चुकी हैं और पंजाब कांग्रेस प्रवक्ता की जिम्मेवारी भी निभा रही हैं। इन दोनों की नियुक्ति से जालंधर की राजनीति में हलचल हो सकती है। डॉ. जसलीन सेठी महत्वकांक्षी हैं। उनके मजबूत होने से कई नेताओं को परेशानी हो सकती है।