विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'घर आ रहा हूं...', रात 8 बजे पत्नी से की बात; सुबह नहर में मिला शव, जालंधर में फैक्ट्री कर्मी की मौत से हड़कंप

Published: Sun, 22 Nov 2026 03:11 PM (GMT+05:30)

जालंधर की गदाईपुर नहर से 32 वर्षीय फैक्ट्री कर्मचारी विशाल कुमार का शव स्कूटी समेत मिला है। परिजनों ने विशाल के दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का शक जताया है।

जालंधर में फैक्ट्री कर्मी की मौत, रो-रोकर पत्नी का बुरा हाल। फोटो जागरण

जालंधर में फैक्ट्री कर्मी की मौत, रो-रोकर पत्नी का बुरा हाल। फोटो जागरण

HighLights

  1. जालंधर की गदाईपुर नहर में मिला फैक्ट्री कर्मचारी का शव।

  2. परिजनों ने दोस्तों पर हत्या कर नहर में फेंकने का शक जताया।

  3. पुलिस हादसे और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, जालंधर। कालिया कालोनी के पास गदाईपुर नहर से रविवार सुबह 32 वर्षीय फैक्ट्री कर्मचारी का शव स्कूटी समेत बरामद हुआ। मृतक की पहचान न्यू पृथ्वी नगर निवासी विशाल कुमार के रूप में हुई है। उसकी स्कूटी भी नहर में मिली, जिसका इग्निशन आन था। स्वजनों ने विशाल के साथ काम करने वाले दोस्तों पर हत्या कर शव नहर में फेंकने का शक जताया है।

पुलिस हादसे और हत्या दोनों पहलुओं से जांच कर रही है। जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब सवा आठ बजे विशाल ने अपनी पत्नी से फोन पर बात की थी। उसने कहा था कि वह घर लौट रहा है। इसके बाद उसका मोबाइल लगातार बजता रहा, लेकिन उसने फोन नहीं उठाया।

तड़के करीब चार बजे मोबाइल बंद हो गया। स्वजन रातभर अस्पतालों और आसपास के इलाकों में उसकी तलाश करते रहे। सुबह फैक्ट्री और घर लौटने वाले रास्ते पर खोजबीन करते हुए गदाईपुर नहर पहुंचे तो वहां विशाल का शव और स्कूटी पानी में मिले।

थाना डिवीजन नंबर आठ के एसएचओ राकेश कुमार और चौकी फोकल प्वाइंट के एएसआई गुरदीप सिंह ने टीम सहित मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भेज दिया।

दोस्तों के साथ शराब पीने के बाद बहसबाजी का आरोप

विशाल की पत्नी, बहन और जीजा ने उसके साथ काम करने वाले कुछ युवकों पर शक जताया है। स्वजनों के मुताबिक ड्यूटी खत्म होने के बाद विशाल दोस्तों के साथ नहर की पुली के पास रुका था। वहां उन्होंने शराब पी और गोलगप्पे खाए।

गोलगप्पे बेचने वाले ने भी युवकों के नशे में होने और उनके बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी होने की बात बताई। स्वजनों का आरोप था कि रातभर फोन करने पर दोस्तों ने सही जानकारी नहीं दी और एक-दूसरे पर बात टालते रहे। उनका कहना है कि नहर की दीवार ऊंची है और वहां फिसलकर गिरने के स्पष्ट निशान नहीं हैं, इसलिए विशाल को धक्का देकर नहर में गिराया गया हो सकता है।

स्कूटी अनियंत्रित होने से गिरने की आशंका

एसएचओ राकेश कुमार ने बताया कि स्कूटी आन हालत में मिली है। शुरुआती जांच में संतुलन बिगड़ने से नहर में गिरने की आशंका है। शरीर पर फिलहाल गंभीर चोट के निशान नहीं मिले हैं। सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है और दोस्तों से पूछताछ जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारण स्पष्ट होंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।