बसपा में अंतर्कलह, पंजाब प्रभारी बेनीवाल पर लगाया 25 लाख रुपये ऐंठने का आरोप
मुख्य जोन प्रभारी एड. चुन्नीलाल ने रणधीर सिंह बेनीवाल पर 5.5 लाख रुपये लेने का आरोप लगाया है। उन पर मायावती की रैली के लिए भी 20 लाख लेने का आरोप है।
जालंधर, जेएनएन। बसपा पंजाब प्रभारी रणधीर सिंह बेनीवाल की मुसीबतें बढ़ गई हैं। उन पर पार्टी सुप्रीमो मायावती की चंडीगढ़ में रैली करवाने के नाम पर 20 लाख और लोकसभा चुनाव में टिकट देने के नाम पर 5.50 लाख रुपये लेने के आरोप लगे हैं। मामले में अगर इस सप्ताह पार्टी मुख्यालय (लखनऊ) से कोई कार्रवाई नहीं होती है तो उनके खिलाफ जालंधर में अपराधिक मामला दर्ज हो सकता है।
बेनीवाल पर 5.50 लाख रुपये लेने का आरोप लगाने वाले मुख्य जोन प्रभारी एड. चुन्नीलाल ने कहा कि जालंधर स्थित पार्टी कार्यालय में ही बेनीवाल ने उनसे 3.50 लाख लिए थे और ढाई लाख रुपये उन्होंने बलदेव सिंह मेहरा के जरिए मंगवाए थे। इस कारण बेनीवाल पर केस दर्ज करवाने के लिए वह जालंधर आएंगे। बता दें कि चुन्नीलाल मालवा के तीन लोकसभा क्षेत्रों, फिरोजपुर फरीदकोट और बठिंडा के प्रभारी हैं। उन्होंने दावा किया था कि पार्टी की तरफ से उन्हें एक वर्ष तक फिरोजपुर लोकसभा क्षेत्र के उम्मीदवार के तौर पर प्रोजेक्ट किया जाता रहा, लेकिन बाद में टिकट किसी अन्य को दे दी गई। जब उन्होंने पैसे वापस मांगे तो उन्हें टरका दिया गया। इसके बाद उन्होंने सार्वजनिक तौर पर सोशल मीडिया पर बेनीवाल के खिलाफ पैसे ऐंठने का आरोप लगाया।
चुन्नीलाल ने कहा कि मीडिया में मामला उठने के बाद पार्टी के लखनऊ स्थित कार्यालय से दिनेश गौतम ने उनसे टेलीफोन पर संपर्क साधा और कहा कि बेनीवाल से उनके पैसे वापस दिलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि वह एक सप्ताह तक कार्रवाई का इंतजार करेंगे अन्यथा उन्हें मजबूरन जालंधर में केस दर्ज करवाना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि वह ढाई लाख रुपये लेने वाले बलदेव सिंह मेहरा पर भी केस दर्ज करवाएंगे।
दूसरी तरफ रणधीर सिंह बेनीवाल पर पार्टी सुप्रीमो मायावती की रैली करवाने के नाम पर 20 लाख रुपये ऐंठने का आरोप लगाने वाले प्रवीण टांक ने कहा कि उनसे पार्टी के वरिष्ठ पंजाब प्रभारी राजा राम ने संपर्क किया था। उन्होंने कहा था कि दिल्ली बुलाकर जल्द इस मामले का निपटारा कर दिया जाएगा हालांकि अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है। प्रवीण भी बेनीवाल के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दे चुके हैं।