बस स्टैंड पर देनी थी हेरोइन की सप्लाई, मिजोरम की तस्कर से पुलिस को मिली अहम जानकारी
एक किलो हेरोइन की सप्लाई लेकर आई चांदामी के जालंधर में कनेक्शन पुलिस ने ढूंढ निकाले हैं। इसमें उन लोगों के नाम आ गए हैं जिन्होंने चांदामी से हेरोइन की सप्लाई लेनी थी।
जेएनएन, जालंधर। एक किलो हेरोइन की सप्लाई लेकर आई चांदामी के जालंधर में कनेक्शन पुलिस ने ढूंढ निकाले हैं। इसमें उन लोगों के नाम आ गए हैं, जिन्होंने चांदामी से हेरोइन की सप्लाई लेनी थी। हालांकि पुलिस ने अभी तक इस मामले में कोई खुलासा नहीं किया है। लेकिन बताया जा रहा है पुलिस को कई लोगों के नाम मिले हैं, जो जालंधर में चांदामी के संपर्क में थे। मंगलवार को पुलिस ने चांदामी को अदालत में पेश कर दो दिन के रिमांड पर लिया है।
रिमांड के दौरान पता चला है कि चांदामी ने जो दो बार पहले हेरोइन सप्लाई की है, उसे लेने वाले तस्कर एक ही हैं। दोनों बार उन लोगों ने सप्लाई ली है और इस बार भी चांदामी से वही लोग मिलने वाले थे। यह भी पता चला है कि जालंधर के बस स्टैंड पर चांदामी ने यह सप्लाई देनी थी और सोमवार को ही सप्लाई देकर उसने वापस दिल्ली वापस निकल जाना था। पुलिस उन लोगों की तलाश में छापेमारी कर रही है। रविवार को फिल्लौर थाना पुलिस ने मिजोरम निवासी सी लाल चांदामी को एक किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया था।
विदेशी तस्करों से हेरोइन लेकर आई थी चांदामी
दिल्ली में तीन साल से रह रही चांदामी वहां के विदेशी तस्करों के संपर्क में थी। वो उनके संपर्क में कैसे आई, इस बारे में अभी पता तो नहीं चल पाया है लेकिन उन लोगों के कहने पर ही जालंधर में हेरोइन सप्लाई करने के लिए आई थी। जालंधर के अलावा वो और भी कई शहरों में हेरोइन सप्लाई कर चुकी है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप