11 किलो हेरोइन तस्करी मामले में खुले नए राज, कई बड़े तस्करों के नाम आए सामने
ग्यारह किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए चार तस्करों के मामले में पुलिस को इस गिहोर के और सदस्यों की पहचान हो गई है। पुलिस ने सभी को नामजद कर लिया है। इससे पहले चार आरोपी जालंधर में पकड़े गए थे तीन आरोपित और गिरफ्तार हुए थे।
जालंधर, जेएनएन। ग्यारह किलो हेरोइन के साथ गिरफ्तार किए चार तस्करों के मामले में पुलिस को इस गिहोर के और सदस्यों की पहचान हो गई है। पुलिस ने सभी को नामजद कर लिया है और उनकी तलाश के लिए पुलिस की एक टीम बना कर अलग अलग जगह पर भेज दी है। इससे पहले चार आरोपी जालंधर में पकड़े गए थे, तीन आरोपित और गिरफ्तार हुए थे तो डीजीपी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी। कुल सात लोग अब तक गिरफ्तार हुए थे।
अब तीन लोग और नामजद हुए हैं जिससे आरोपितों की गिनती दस हो गई है। बताया जा रहा है कि जिन आरोपितों के नाम सामने आए हैं वह सभी पंजाब के ही रहने वाले हैं और गिरफ्तारी आरोपितों से सप्लाई लेकर खुद ही आगे सप्लाई देते थे। एसएसपी डा. संदीप कुमार गर्ग ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों को रिमांड पर लिया गया था और जिन लोगों के नाम सामने आए हैं, वह सभी उनके ही साथी हैं।
वहीं आरोपितों के मोबाइल से भी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कई लोगों ने नाम सामने आए हैं जिनकी पड़ताल की जा रही है। यदि उनकी कोई भी सांझेदारी इस मामले में नजर आई तो उन सभी के खिलाफ मामला दर्ज किया जाएगा। मुख्य आरोपित किंगपित रणजीत के कई साथी जालंधर के भी थे जिनकी पहचान करवाई जा रही है। बीते मंगलवार को भोगपुर पुलिस ने पुलिस को गुप्त सूचना के आधार पर पुल वेई मलसिया पर नाकाबंदी कर दी।
इस दौरान वहां से निकल रही एक आई 20 कार, जो हरियाणा नंबर की थी, को रोका। उसमें चार व्यक्ति बैठे थे, जिनकी पहचान फिरोजपुर निवासी हरजिंदर पाल उर्फ काला रणजीत सिंह संजीत उर्फ मिंटू और गंगानगर राजस्थान निवासी किशन सिंह उर्फ दौलत के रूप में हुई थी। उनकी तलाशी लेने पर एक एक किलो के 11 पैकेट हेरोइन के मिले। चारों के पास से 11.25 लाख रुपये भी मिले। जांच में सामने आया कि वह लोग हेरोइन को बेचकर उसके पैसे ला रहे थे।