गुरदासपुर में सीएम के कार्यक्रम में कुर्सियां खाली, मंच से दो मिनट बोलने के बाद लौटे मुख्यमंत्री चन्नी
गुरदासपुर में 11 बजे सीएम का कार्यक्रम था लेकिन 1 बजे तक भी लोगों के न पहुंचने के कारण मुख्यमंत्री 2 मिनट के लिए मंच पर आए। उन्होंने लोगों को क्रिसमस की बधाई दी। सीएम बोले आपका कार्यक्रम अभी लेट है। मुझे कहीं जरूरी काम के लिए जाना है।
जासं, गुरदासपुर। गुरदासपुर दाना मंडी में आयोजित राज्य स्तरीय क्रिसमस समारोह में हिस्सा लेने पहुंचे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पूरा पंडाल खाली देख निराश होकर लौट गए। वह कैबिनेट मंत्री अरूणा चौधरी के घर के लिए निकल गए। बाद में वह कुछ देर के लिए मंच पर पहुंचे और लोगों को क्रिसमस की बधाई देकर चले गए। बता दें कि यहां 11 बजे कार्यक्रम था लेकिन 1 बजे तक भी लोगों के न पहुंचने के कारण मुख्यमंत्री 2 मिनट के लिए मंच पर आए। उन्होंने सभी को क्रिसमस की बधाई दी। सीएम बोले, आपका कार्यक्रम अभी लेट है। मुझे कहीं जरूरी काम के लिए जाना है। उन्होंने उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा और कैबिनेट मंत्री अरूणा चौधरी को कार्यक्रम में ही रहने को कहा और खुद चले गए।
गुरदासपुर में मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी के कार्यक्रम में खाली पड़ी कुर्सियां।
गौरतलब है कि गुरदासपुर की अनाज मंडी में ईसाई भाईचारे की ओर से मसीह नेता सलामत मसीह व तरसेम सहोता के नेतृत्व में राज्य स्तरीय क्रिसमस समारोह का आयोजिन किया गया था। इसमें मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी मुख्य अतिथि थे। उनके अलावा उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा, कैबिनेट मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, कैबिनेट मंत्री अरुणा चौधरी, गुरदासपुर के विधायक व मिल्कफेड पंजाब के चेयरमैन बरिंदरमीत सिंह पाहड़ा और हलका कादियां से विधायक फतेहजंग सिंह बाजवा भी बुलाए गए थे।
प्रबंधकों ने कार्यक्रम का समय सुबह 11 बजे बताया था। समारोह स्थल के पास ही मुख्यमंत्री के लिए हेलीपैड बनाया गया था। मुख्यमंत्री करीब 12 बजे समारोह स्थल पर पहुंचे लेकिन उस समय तक मंच पर प्रबंधकों के अलावा कुछ चुनिंदा लोग ही उपस्थित थे। सामने पंडाल से भीड़ नदारद थी। इसे देखते हुए मुख्यमंत्री निर्धारित कार्यक्रम के बावजूद सिविल अस्पताल गुरदासपुर में पहुंच गए। वहां उन्होंने मरीजों से बातचीत कर उनसे सिविल अस्पताल से मिल रहीं सुविधाओं के बारे में पूछा। मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने समय निकालने के लिए अस्पताल में ही चाय भी पी।
इसके बाद करीब 1 बजे फिर से समारोह स्थल पर पहुंचे लेकिन कुर्सियां खाली थी। कोई मंत्री या विधायक भी वहां नहीं पहुंचा हुआ था। मुख्यमंत्री 1 बजे के करीब उप मुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा के साथ सीधे मंच पर पहुंचे और माइक हाथों में लेकर बोलना शुरू कर दिया। उन्होंने लोगों को क्रिसमस की बधाई देते हुए कहा कि आपका कार्यक्रम अभी एक दो घंटे लेट हो जाएगा लेकिन मुझे किसी जरुरी काम के चलते जाना होगा। इसलिए मैं फिलहाल आज 2 कैबिनेट मंत्रियों की ड्यूटी लगाकर जा रहा हूं और क्रिसमस के आसपास फिर से आऊंगा। इसके बाद प्रबंधकों ने मुख्यमंत्री को बाइबल भेंट की। मुख्यमंत्री वहां से उप मुख्यमंत्री रंधावा के साथ रवाना हो गए।
प्रबंधकों ने समारोह स्थल से उठवाईं कुर्सियां
प्रबंधकों की ओर से समारोह स्थल पर लोगों के बैठने के लिए करीब सात हजार कुर्सियां लगाई गईं थी। जब मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी के पहुंचने के बावजूद वहां पर लोग जमा नहीं हुए तो प्रबंधकों ने कार्यक्रम के दौरान ही समारोह स्थल से कुर्सियां उठानी शुरू कर दी।