महंगी पड़ी Instagram पर लड़की से दोस्ती, स्टूडेंट को जालंधर बुलाकर बेसबाल बैट से पीटा, लूटी कार
जालंधर के एक कालेज में पढ़ने वाला स्टूडेंट की लड़की से इंस्टाग्राम पर दोस्ती हो गई। इसके बाद लड़की ने उसे जालंधर कुंज मिलने बुलाया। जब लड़का पहुंचा तो साथियों से उसे बुरी तरह पिटवाया और कार व नकदी छीन ली।
जालंधर, जेएनएन। होशियारपुर में रहने वाले और शहर के एपीजे कॉलेज में पढ़ने वाले बीसीए के छात्र को एक लड़की से इंस्टाग्राम (Instagram) पर दोस्ती करना महंगा पड़ गया है। लड़की और उसके साथियों ने मारपीट कर उससे कार, नगदी और चांदी का ब्रेसलेट छीन लिया। छात्र को हनीट्रैप में फंसा कर बुलाया गया और अधमरा कर कर छोड़ दिया। लोगों ने उसे अस्पताल में दाखिल करवाया है। बाद में किसी ने घरवालों को घटना की सूचना दी तो वे मौके पर पहुंचे और थाना मकसूदां की पुलिस को शिकायत दी। पुलिस ने एक लड़की और अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें - जालंधर का रैनक बाजार कहलाता है कपड़ों का भंडार, NRI भी यहीं से खरीदकर ले जाते हैं विदेश
जालंधर कुंज बुलाकर बेसबाल बैट से पीटा
पुलिस को दी शिकायत में छात्र ने बताया कि वह होशियारपुर का रहने वाला है और जालंधर में बीसीए कर रहा है। उसने बताया कि कुछ दिन पहले इंस्टाग्राम पर रवीनाअग्निहोत्री8 नाम की प्रोफाइल वाली लड़की से उसकी दोस्ती हो गई। लड़की ने उसे बातों-बातों में कई हसीन सपने दिखा दिए। इसके बाद उसे जालंधर कुंज के पास बुलाया गया। वह अपनी गाड़ी में बुधवार को जालंधर कुंज पहुंचा। वहां लड़की पहले से खड़ी थी। उसने कहा कि वह उसे अपने घरवालों से मिलाना चाहती है। इसके बाद उसके तीन-चार साथी और आ गए, जिन्होंने मिलकर उसे बेसबाल बैट, रॉड सहित अन्य चीजों से बुरी तरह पीटा। तीनों ने उसकी कार की चाबी छीन ली। साथ ही, उसके हाथ से चांदी का ब्रेसलेट उतार लिया और पैसे भी छीन लिए।
आरोपितों की पहचान करने में जुटी पुलिस
थाना मकसूदा के प्रभारी रविंद्र सिंह ने बताया कि आरोपित लड़की और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। सभी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें