एनआरआइ महिला से धोखे से शादी कर पहुंचा न्यूजीलैंड, जुए में उड़ाए पत्नी के पैसे
महिला थाने में पुलिस ने चंडीगढ़ के सेक्टर 23 के रहने वाले एनआरआइ कपिल राणा, उसके पिता अवतार सिंह, मां सुदेश और बहन अमृता पर दहेज उत्पीडऩ का केस दर्ज किया है।
जागरण संवाददाता, जालंधर : महिला थाने में पुलिस ने चंडीगढ़ के सेक्टर 23 के रहने वाले एनआरआइ कपिल राणा, उसके पिता अवतार सिंह, मां सुदेश और बहन अमृता पर दहेज उत्पीडऩ का केस दर्ज किया है। आरोप लगाने वाली एनआरआइ सुनीता कुमारी ने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस में तैनात एएसआइ अवतार सिंह के बेटे कपिल राणा ने पिछले साल न्यूजीलैंड की नागरिकता लेने के लिए उससे धोखे से शादी कर ली। वहीं न्यूजीलैंड आने के बाद वह उसके रुपयों से जुआ खेलने लगा। विरोध करने पर वह मारपीट करता था। चंडीगढ़ में शिकायत के बाद अब जालंधर के महिला थाने में पुलिस ने केस दर्ज किया है।
मूल रूप से रामा मंडी के बाबा बुढ्डा जी नगर की रहने वाली सुनीता कुमारी ने बताया कि वह न्यूजीलैंड की स्थायी नागरिक है। 25 सितंबर 2017 को उसकी शादी चंडीगढ़ के सेक्टर 23 निवासी कपिल राणा से हुई थी। कपिल चंडीगढ़ के ललित होटल में मैनेजर था। आरोप है कि न्यूजीलैंड की नागरिकता के लिए कपिल ने उससे शादी कर ली। शादी के बाद ललित का वीजा न लगने के कारण 15 नवंबर को वह न्यूजीलैंड चली गई। जबकि 25 नवंबर को कपिल भी न्यूजीलैंड आ गया। सुनीता का कहना है कि न्यूजीलैंड में उसने पति को अच्छी जगह जॉब दिला दी। साथ ही उसे कार खरीदकर दी। रोज सुबह कपिल उससे रुपये लेकर काम पर निकल जाता था, लेकिन काम पर जाने के बजाए वह जुआ खेलने लगा।
लगातार रुपये मागने का सिलसिला बंद नहीं हुआ तो उसने पूछताछ की। पूछताछ करने पर वह गाली गलौज और मारपीट करने लगा जिसके बाद उसने 13 अप्रैल 2018 को चंडीगढ़ में एनआरआइ थाने में पति, ससुर एएसआइ अवतार सिंह, सास सुदेश और ननद अमृता के खिलाफ शिकायत दी। 19 अप्रैल को केस जालंधर कमिश्नरेट पहुंचा था। मामले में पुलिस ने जाच के बाद महिला थाने में चारों पर केस दर्ज कर लिया है।