पूर्व मेयर सुरिंदर महे भाजपा में शामिल, पूर्व आईएएस अधिकारी स्वर्ण सिंह को लेकर शाम तक ड्रामा Jalandhar News
सुरिंदर महे कांग्रेस की ओर से वर्ष 2002 से 2007 तक मेयर रह चुके हैं। 2017 विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने पर वे आजाद प्रत्याशी के रूप में लड़े थे।
जालंधर, जेएनएन। भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान को शहर में बड़ी कामयाबी मिली है। शनिवार को पूर्व मेयर और सीनियर कांग्रेसी नेता सुरिंदर महे और पूर्व आईएएस अधिकारी स्वर्ण सिंह भाजपा में शामिल हो गए। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष श्वेत मलिक और केंद्रीय राज्यमंत्री सोमप्रकाश ने दोनों नेताओं को पार्टी में शामिल किया। उधर, देर शाम भाजपा ने स्वर्ण सिंह को पार्टी में शामिल करने का फैसला रद कर दिया। बता दें कि स्वर्ण सिंह सरकारी सेवा में रहते हुए गबन के एक मामले में आरोपित हैं।
बता दें कि भाजपा के पंजाब अध्यक्ष श्वेत मलिक सदस्यता अभियान को लेकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की बैठक लेने जालंधर पहुंचे हुए हैं। उम्मीद जताई जा रही है कि होटल कंट्री इन में होने वाली इस बैठक में वह सभी को सदस्यता अभियान सफल बनाने के टिप्स देंगे।
वर्ष 2002 से 2007 तक मेयर रह चुके हैं महे
सुरिंदर महे कांग्रेस की ओर से वर्ष 2002 से 2007 तक जालंधर नगर निगम के मेयर रह चुके हैं। विधानसभा चुनाव 2017 के दौरान उन्होंने टिकट का दावा किया था पर पार्टी ने उन्हें दरकिनार कर सुशील रिंकू को टिकट दी थी। इसके बाद महे आजाद उम्मीदवार के रूप में खड़े हुए थे लेकिन उन्हें करारी हार का सामना करना पड़ा था।