मेयर राजा को घेरेंगे पूर्व मेयर ज्योति, पूर्व पार्षदों के साथ बना रहे रणनीति
मेयर जगदीश राज राजा पर राजनीतिक हमला बोलने के लिए अब भाजपा के पूर्व पार्षद एकजुट होने लगे हैं।
जागरण संवाददाता, जालंधर : दस साल तक नगर निगम की सत्ता पर पर काबिज रहे भाजपा के मेयरों पर बरसने वाले वर्तमान मेयर जगदीश राज राजा पर राजनीतिक हमला बोलने के लिए अब भाजपा के पूर्व पार्षद एकजुट होने लगे हैं। पूर्व मेयर सुनील ज्योति की अध्यक्षता में वीरवार को हुई बैठक में भाजपा के पूर्व पार्षदों ने मेयर जगदीश राज राजा से सवाल किया है कि कहा गया उनका 25 साल का अनुभव। मात्र कुछ महीने के कार्यकाल में ही शहर को डंप बना दिया है, क्या इसी अनुभव के आधार पर वे अपनी पीठ थपथपाते थे।
बैठक के बाद पूर्व मेयर सुनील ज्योति ने कहा है कि आज पूर्व पार्षदों ने बैठक कर बदहाल होते जा रहे शहर को लेकर चिंतन किया है, आने वाले दो-तीन दिन में कोई बड़ा फैसला लेंगे, शहर को बदहाल किसी कीमत पर नहीं होने देंगे।
ज्योति ने कहा है कि जब उन्होंने निगम को छोड़ा था तब शहर का ये हाल नहीं था, आज निगम कूड़ा तक नहीं उठवा पा रहा है। सड़कों की मेंटीनेंस तक नहीं हुई है। सीवरेज की समस्या विकराल होती जा रही है। भाजपा पर आरोप लगाने वाले काग्रेस के मेयर बताएं उन्होंने अपने कार्यकाल में अभी तक एक भी ऐसा काम किया हो जिसे वे अपनी उपलब्धि बता सकें। उपलब्धि तो दूर लोग पानी, बिजली, स्ट्रीट लाइट की जिस समस्या से जूझ रहे हैं, उसका समाधान तक नहीं करा पा रहे हैं।
भाजपा पार्षदों ने मेयर को पूरा मौका दिया कि वे कुछ करके दिखाएं, क्योंकि पिछले 25 सालों में नगर निगम में सबसे ज्यादा हंगामा जगदीश राज राजा ही करते थे, अब जब खुद उन पर जिम्मेदारी आई है तो शहर का ये हाल बनाकर रख दिया। उन्हें समझ लेना चाहिए हंगामा करना अलग बात है, काम करना अलग। बैठक में पूर्व पार्षद व¨रदर शर्मा, बलबीर सिंह बिट्टू, अमरजीत सिंह अमरी, कृपाल पाल, अर्जुन सिंह, जगजीत सिंह आदि शामिल हुए।