कमल अस्पताल के मालिक डॉक्टर दंपती का झगड़ा थाने पहुंचा
दोआबा चौक पर स्थित कमल अस्पताल के मालिक डॉ. सतपाल गुप्ता और उनकी पत्नी डा. कमल गुप्ता से बीच अस्पताल की जमीन को लेकर विवाद हो गया।
संवाद सहयोगी, जालंधर
दोआबा चौक पर स्थित कमल अस्पताल के मालिक डॉ. सतपाल गुप्ता और उनकी पत्नी डा. कमल गुप्ता से बीच अस्पताल की जमीन को लेकर विवाद हो गया। अस्पताल के आपरेशन थिएटर की दीवार तोड़े जाने को लेकर दोनों के बीच जमकर झगड़ा हुआ और बात हाथापाई तक पहुंच गई। पति-पत्नी ने एक दूसरे के खिलाफ थाना आठ की पुलिस को शिकायत दे दी है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। दोनों पक्षों को जल्द ही थाने में बुला जाएगा। डॉ. सतपाल गुप्ता ने बताया कि उनकी पत्नी, बेटी और दामाद मिल कर उनके अस्पताल की प्रापर्टी पर कब्जा करना चाहते हैं। इसके चलते वह लोग उनके साथ अक्सर विवाद करते रहते हैं। उन्होंने बताया कि उनकी प्रापर्टी पर उनके बेटे और बहू का हक है और उनकी पत्नी बेटी और दामाद को सब कुछ देना चाहती है। इसको लेकर अदालत में केस चल रहा है और उनको कानून पर पूरा भरोसा है।
वहीं डा. कमल गुप्ता ने बताया कि डा. सतपाल उनके साथ व उनकी बेटी और दामाद के साथ बिना बात के विवाद करते हैं और उनको तंग करते हैं। उन्होंने बताया कि इस मामले में कोर्ट केस भी चल रहा है। उन्होंने कहा कि रविवार को भी उनके पति ने जानबूझ कर झगड़ा शुरू किया। यही नहीं उन्होंने उनसे मारपीट का भी प्रयास किया।
इस संबंध में थाना आठ के प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि उनके पास दोनों की शिकायत आई है। दोनों के बयान लिए जाएंगे जिसके बाद बनती कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि इसके लिए जल्द ही दोनों पक्षों के बुलाया जाएगा।