निगम इंस्पेक्टर पर हमला करने के मामले में पूर्व मेयर सुरेश सहगल फरार, सन्नी भारद्वाज गिरफ्तार
बिल्डिंग ब्रांच के इंस्पेक्टर दिनेश जोशी पर हमले के आरोपित पूर्व मेयर सुरेश सहगल के एक और साथी सन्नी महाजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर : शिवराजगढ़ में निगम के बिल्डिंग ब्रांच के इंस्पेक्टर दिनेश जोशी पर हमले के आरोपित पूर्व मेयर सुरेश सहगल के एक और साथी सन्नी महाजन को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सन्नी महाजन भी वीडियो में निगम इंस्पेक्टर पर हमला करता नजर आ रहा है। इस मामले में बिल्डिंग मालिक सुलक्षण शर्मा ने सोमवार को आत्मसमर्पण कर दिया था। हालांकि पुलिस अभी तक पूर्व मेयर सुरेश सहगल को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
थाना प्रभारी विजय कुंवर पाल ने बताया कि दोनों सुलक्षण व सन्नी को मंगलवार को अदालत में पेश किया गया जहां से उनको जेल भेजने के आदेश हुए। उन्होंने बताया कि पूर्व मेयर की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
बीते रविवार को पुलिस को दिए बयान में इंस्पेक्टर दिनेश जोशी ने पूर्व मेयर पर मारपीट का आरोप लगाया था। उसने बताया था कि उनको पता चला था कि सुलक्षण शर्मा अवैध निर्माण करवा रहा है। वह मौके पर पहुंचे और उसे रोकने का प्रयास किया। सुलक्षण ने उनके साथ बदसलूकी की और पूर्व मेयर सुरेश सहगल को मौके पर बुला लिया। आरोप था पूर्व मेयर ने आते ही उनको गालियां निकाली और बदसलूकी की। विरोध करने पर मारपीट भी की गई।
मीडिया में सुर्खियों में आने के बाद मामले ने तूल पकड़ लिया था। पूर्व मेयर की मारपीट करते तस्वीरें सामने आने के बाद निगम कमिश्नर सहित निगम मुलाजिमों ने इस पर रोष जाहिर किया था। पूर्व मेयर की गिरफ्तारी के लिए मुलाजिम तो धरने तक पर बैठे। अब दबाव बढ़ता देख सुरेश सहगल फरार हो गए हैं।