जालंधर में तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत
जालंधर के वर्कशॉप चौक पर एक तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल सवार बुजुर्ग को टक्कर मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
-1794056091083_m.webp)
तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से साइकिल सवार बुजुर्ग की मौत। सांकेतिक फोटो
HighLights
वर्कशॉप चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने बुजुर्ग को कुचला।
हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार।
बुजुर्ग की पहचान नहीं हो पाई, पुलिस जांच में जुटी।
जागरण संवाददाता, जालंधर। वर्कशाप चौक पर तेज रफ्तार ट्रक ने साइकिल से काम पर जा रहे बुजुर्ग को टक्कर मार दी। ट्रक के पहियों के नीचे आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शी रजिंदर के अनुसार, हादसे के तुरंत बाद बुजुर्ग की सांसें चल रही थीं। लोगों ने मदद के लिए 108 एंबुलेंस और पुलिस हेल्पलाइन पर फोन किए।
एंबुलेंस करीब आधे घंटे बाद पहुंची। घटनास्थल से कुछ ही दूरी पर थाना डिवीजन नंबर दो होने के बावजूद पुलिस के समय पर न पहुंचने से लोगों में नाराजगी थी। बुजुर्ग के पास कोई पहचान पत्र या मोबाइल फोन नहीं मिला। उनके पास एक साइकिल और रोटी का डिब्बा था।
इस वजह से देर शाम तक उनकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस ने ट्रक कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई और पुलिस पहचान कराने के प्रयास कर रही है।