एनआरआइ महिला ने पति पर मारपीट और दहेज मांगने का आरोप लगाया
जसप्रीत कौर ने बताया कि वह पंजाब मूल की अमेरिकन नागरिक है। झगड़े के बाद चार माह से उसका पति अमेरिका में ही अपनी बहन के पास रह रहा है।
जालंधर, जेएनएन। एनआरआइ महिला से शादी कर अमरीका जाने वाले व्यक्ति पर पत्नी से मारपीट सहित दहेज मांगने का आरोप लगा है। पीड़ित जसप्रीत कौर ने बताया कि वह पंजाब मूल की अमेरिकन नागरिक है। जनवरी 2012 में उसकी शादी मिठ्ठापुर निवासी युवक से हुई थी। उनके दो बच्चे हैं। शादी के तीन साल बाद उसके पति का वीजा लगने के बाद से वह दोनों अमेरिका में एकसाथ रह रहे थे।
वहां उसका पति के साथ झगड़ा हो गया और वह मारपीट करने लगा। अब चार माह से उसका पति अमेरिका में ही अपनी बहन के पास रह रहा है। जसप्रीत ने कहा कि उसके पति ने उसकी जिंदगी बर्बाद कर दी है। अब वह तलाक चाहती है। इस संबंध में उसने पंजाब पुलिस को मेल के माध्यम से भी शिकायत की है, जिसमें उसने अपने पति सहित ससुराल परिवार पर बदसुलूकी का आरोप लगाया है।