आदमपुर से दिल्ली जाने वाले विमान में आई तकनीकी खराबी, यात्री उतार फ्लाइट की रद
आदमपुर से दिल्ली जाने वाले विमान में टेकऑफ से पहले खराबी आने के बाद उसमें सवार यात्रियों को उतार फ्लाइट को रद कर दिया गया।
जालंधर, जेएनएन। स्पाइसजेट की फ्लाइट से मंगलवार को आदमपुर से दिल्ली जाने वाले यात्री उस समय बाल-बाल बच गए, जब विमान के टेकऑफ करने से ठीक पहले तकनीकी खराबी का पता चला। खराबी का पता चलने के फौरन बाद यात्रियों को विमान से उतारा गया और लाइट को रद घोषित कर दिया गया। मंगलवार को फ्लाइट लगभग 18 मिनट की देरी से सुबह 10:23 बजे दिल्ली से आदमपुर के लिए रवाना हुई थी।
फ्लाइट आदमपुर में समय पर सकुशल लैंड कर गई थी और तब तक विमान में किसी तकनीकी खराबी बारे जानकारी नहीं थी। इसके बाद आदमपुर से दिल्ली जाने वाले यात्रियों को विमान में बिठाया गया, लेकिन पायलट को टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी खराबी के बारे में पता चल गया। इस पर फ्लाइट में सवार यात्रियों को तुरंत उससे उतार लिया गया।
लगभग साढे़ तीन घंटे के बाद शाम लगभग 4:30 बजे डायरेक्टर जनरल सिविल एविएशन (डीजीसीए) की अनुमति के बाद जहाज को बिना यात्रियों के ही खाली दिल्ली ले जाया गया। सिविल एयरपोर्ट जालंधर के डायरेक्टर केवल कृष्ण ने विमान में आई तकनीकी खराबी की पुष्टि करते हुए बताया कि यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनजर फ्लाइट को रद किया गया।
पहले भी आ चुकी है तकनीकी खराबी
स्पाइसजेट एयरलाइन आदमपुर दिल्ली सेक्टर में 78 सीटों (अधिकतम 90 ) की क्षमता वाले बंबारडियर डैश 8 क्यू 400 विमान का संचालन करती है। वर्ष 2018 में भी आदमपुर एयरपोर्ट पर इसी तरह से विमान को हाइड्रॉलिक सिस्टम में आई तकनीकी खराबी का सामना करना पड़ा था और तब भी फ्लाइट को रद कर विमान को रात आदमपुर में ही रिपेयर के लिए रोका गया था। दिल्ली से आई एयरोनॉटिकल इंजिनियर्स की टीम ने विमान को ठीक किया था और विमान अगले दिन दिल्ली रवाना किया गया था।