हाईपरटेंशन से हो रही ज्यादा मौतें, रोज तीस मिनट का व्यायाम जरूरी : डा. बलवंत
कोरोना महामारी के बढ़ रहे फैलाव के मद्देनजर हाइपरटेंशन शूगर दिल के रोगों किडनी रोग से संबंधित पीड़ित लोगों को कोरोना गाइडलाइंस की सख्ती से पालना करनी होगी।
जागरण संवाददाता, जालंधर : कोरोना महामारी के बढ़ रहे फैलाव के मद्देनजर हाइपरटेंशन, शूगर, दिल के रोगों, किडनी रोग से संबंधित पीड़ित लोगों को कोरोना गाइडलाइंस की सख्ती से पालना करनी होगी। कोरोना संक्रमण इन रोगों से पीड़ित लोगों को अधिक प्रभावित करता है और मौत की दर भी इन बीमारियों से पीड़ित लोगों में ज्यादा है। यह जानकारी सोमवार को विश्व हाइपरटेंशन दिवस पर सिविल सर्जन डा. बलवंत सिंह ने दी।
उन्होंने बताया कि विश्व हाइपरटेंशन (रक्तचाप) दिवस हर साल 17 मई को उच्च रक्तचाप के लक्षण के बारे में जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से मनाया जाता है। मौजूदा जीवनशैली में अधिक भागदौड़ होने के कारण तनाव ज्यादा है। उस कारण बीपी की बीमारियां आम हो गई है।
फास्ट फूड, जंक फूड, तली हुई वस्तुओं व अधिक फैट वाले भोजन के अधिक इस्तेमाल व शारीरिक काम कम करने से भी ब्लड प्रेशर नार्मल से अधिक हो जाता है। उन्होंने कहा कि तंबाकू, सिगरेट आदि के सेवन से बचना चाहिए। नमक की मात्रा कम ली जाए, चाय व काफी की मात्रा घटाई जानी चाहिए। ब्लड प्रेशर से बचाव के लिए नियमित व्यायाम करना चाहिए।
शुरुआत में कम समय से व्यायाम शुरू करके हर सप्ताह व्यायाम का समय बढ़ाना चाहिए। कम से कम 30 मिनट व्यायाम जरूर किया जाना चाहिए। दफ्तरों व शापिग कांप्लेक्स आदि में लिफ्ट की बजाय अधिकतर सीढि़यों का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अभिभावकों को तनाव से बचने के लिए अपनी जीवनशैली में सुधार लाना चाहिए व अपने परिवार और बच्चों से अधिक समय बिताना चाहिए।