पति के साथ मिलकर एेसा काम कर रही थी महिला, पुलिस ने किए कई और खुलासे
इंग्लैंड से लौटकर पति के नशा तस्करी के धंधे को चला रही गांव शंकर, नकोदर निवासी बलविंद कौर पत्नी राजिंदर सिंह को थाना लोहियां की पुलिस ने 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है।
जेएनएन, जालंधर। इंग्लैंड से लौटकर पति के नशा तस्करी के धंधे को चला रही गांव शंकर, नकोदर निवासी बलविंदर कौर पत्नी राजिंदर सिंह को थाना लोहियां की पुलिस ने 255 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया है। बलविंदर कौर के साथ साथ नशे के मामले में पीओ करार दिए जा चुके उसके पति राजिंदर सिंह को भी गिरफ्तार किया गया है। प्रेस कांफ्रेंस में एसएसपी नवजोत सिंह माहल ने बताया कि थाना लोहियां के प्रभारी सुरिंदर कुमार ने सुल्तानपुर लोधी रोड पर नाकाबंदी के दौरान गुप्त सूचना के आधार पर दोनों को काबू किया।
जांच में सामने आया कि बलविंदर कौर विजिटर वीजा पर 2014-15 में दो साल के लिए इंग्लैंड गई थी। वहां उसके रिश्तेदार रहते हैं। पति राजिंदर सिंह नशे का धंधा करता था, जिसमें उसके खिलाफ थाना लोहियां में ही मामला दर्ज किया गया था। बलविंदर कौर वापस लौटी तो पता चला कि राजिंदर सिंह पीओ घोषित हो चुका है। ऐसे में बलविंदर कौर ने उसका धंधा संभाल लिया। एसएसपी माहल ने बताया कि थाना लोहिया के प्रभारी ने गांव फुल चौक पर शक के आधार पर एक ट्रक को रोका तो उसमें सवार चालक लोहिया निवासी सुखदेव सिंह व उसका साथी बलविंदर सिंह ट्रक से निकल कर भागने लगे। पुलिस ने सुखदेव को काबू कर लिया, जबकि बलविंदर सिंह फरार हो गया।
ट्रक की तलाशी लेने पर उसमें से पांच किलो अफीम मिली जो वह बिहार से लेकर आया था। सुखदेव सिंह के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उसे मंगलवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, सीआइए स्टाफ के प्रभारी हरिंदर सिंह ने 255 ग्राम हेरोइन के साथ रामा मंडी निवासी लवप्रीत सिंह लवली और खुरला किंगरा निवासी प्रेम सिंह को गिरफ्तार किया है। दोनों को खुरला किंगरा के नजदीक उस समय काबू किया गया। जब वह दोनों हेरोइन सप्लाई करने के लिए जा रहे थे।
ट्रक के मालिक पर भी है मामला दर्ज
अफीम के साथ गिरफ्तार हुआ ट्रक चालक सुखदेव सिंह सुल्तानपुर लोधी के रहने वाले बलविंदर सिंह का ट्रक चलाता है। बलविंदर सिंह पर भी अफीम की तस्करी के मामले दर्ज हैं, जिसमे वो फरार चल रहा है। दोनों बिहार से ही अफीम लाकर सप्लाई करते थे। वहीं हेरोइन के साथ पकड़ी गई बलविंदर कौर के खिलाफ भी पहले से अलग-अलग धाराओं के तहत चार मामले दर्ज हैं। लवप्रीत भी कई मामलों में नामजद है जबकि उसका साथी प्रेम सिंह पहली बार काबू आया है।