कांग्रेस ने किया युकां प्रधान परमजीत बल को सस्पेंड, यूथ लीडर पर लगाए ये आरोप
परमजीत बल पर आरोप है कि प्रधान बनने के बाद से उनकी कारगुजारी ठंडी रही है। वह पार्टी के प्रोग्रामों में भी शामिल नहीं हुए। इस बारे में उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया था।
जागरण संवाददाता, जालंधर : पार्टी गतिविधियों में शामिल न होने पर यूथ कांग्रेस जालंधर सेंट्रल हलके के प्रधान परमजीत सिंह बल को सस्पेंड कर दिया गया है। परमजीत बल पर आरोप है कि प्रधान बनने के बाद से उनकी कारगुजारी ठंडी रही है। वह पार्टी के प्रोग्रामों में भी शामिल नहीं हुए। इस बारे में उन्हें नोटिस देकर जवाब मांगा गया था।
दरअसल यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय इकाई ने पटियाला में 4 दिन का प्रोग्राम रखा था। परमजीत बल इसमें शामिल नहीं हुए। इस कारण यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रधान केशवचंद्र यादव के निर्देश पर परमजीत बल को निलंबित करने के आदेश दे दिए गए। लोकसभा हलका जालंधर के प्रधान अश्वन भल्ला ने कहा कि चुनाव के बाद से ही परमजीत बल की गतिविधियां कम रही हैं। इसीलिए पार्टी ने लगातार मॉनिटरिंग करने के बाद रिपोर्ट के आधार पर उन्हें निलंबित किया है।
सस्पेंड करने के आदेश जालंधर लोकसभा हलका के इंचार्ज दमन नरवाल ने जारी किए। भल्ला ने कहा कि लोकसभा चुनाव के मद्देनजर पार्टी की गतिविधियां चलाने के लिए जालंधर सेंटर हल्का में यूथ कांग्रेस का नया कार्यकारी प्रधान लगाया जा सकता है।
बीमार दादा जी को लेकर दिल्ली गया था : बल
इधर, इस कार्रवाई पर परमजीत बल ने कहा कि मैं पार्टी की सभी गतिविधियों में शामिल रहा हूं। पटियाला भी जाना था लेकिन दादा जी के बीमार होने के कारण दिल्ली इलाज के लिए ले जाना पड़ा। अब वापसी पर हूं और पटियाला जाकर सीनियर नेताओं के सामने अपना पक्ष रखूंगा। पार्टी के लिए लगातार काम किया है और करता रहूंगा।