लक्की का परगट पर हमला, बोले- जालंधर कैंट में भू-माफिया सक्रिय, विधायक के दबाव में काम कर रही सरकारी मशीनरी
पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर मलविंदर सिंह लक्की ने कहा कि परगट सिंह चुनाव से ठीक पहले सक्रिय होते हैं। उससे पहले पब्लिक के मुद्दों पर ध्यान नहीं देते।
जालंधर, जेएनएन। पंजाब मीडियम इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड के डायरेक्टर और सीनियर कांग्रेसी नेता मलविंदर सिंह लक्की ने अपनी ही पार्टी के विधायक परगट सिंह के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। मंगलवार को उन्होंने जालंधर कैंट के विधायक पर कई गंभीर आरोप लगाए।
मलविंदर सिंह लक्की ने आरोप लगाया है कि जालंधर विधानसभा केंट हलके में भू-माफिया सक्रिय है। सबसे अधिक अवैध कालोनियां और अवैध निर्माण जालंधर कैंट हलके में ही हुए हैं। अवैध निर्माण और कॉलोनियों पर सरकारी मशीनरी विधायक परगट सिंह के दबाव में कार्रवाई नहीं कर रही है।
अपनी ही पार्टी के विधायक पर निशाना साधते हुए डायरेक्टर मलविंदर सिंह लक्की ने कहा कि विधायक परगट सिंह साढ़े तीन साल तक पब्लिक के मुद्दों से दूर रहे हैं। अब जब चुनाव में डेढ़ साल बचा है तो पब्लिसिटी के लिए फिर मैदान में आ गए हैं। मलविंदर सिंह लक्की ने कहा कि परगट ने कभी कूड़े के डंप, जमशेर डेयरी और अवैध निर्माण के मामले नहीं उठाए। वे चुनाव से पहले ही एक्टिव होते हैं।
लक्की बोले- सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह को बताएंगे विधायक परगट की कारगुजारी
लक्की ने आरोप लगाया कि कैंट विधानसभा हलका के मॉडल टाउन समेत अन्य इलाकों में अवैध इमारतें बन रही हैं। देहात से जुड़े इलाकों में भी कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। इससे विधायक परगट सिंह कटघरे में खड़े हो जाते हैं। उन्होंने कहा कि अवैध कालोनियों और अवैध इमारतों से नगर निगम और पुडा को नुकसान उठाना पड़ा है। मलविंदर लक्की ने कहा कि वे इन मुद्दों को लेकर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह से मुलाकात करेंगे और उन्हें विधायक परगट सिंह की कारगुजारी के बारे में बताएंगे।
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें