कूड़े के डंप को लेकर कांग्रेसियों में फिर तनाव, कमिश्नर ने बचाव किया Jalandhar News
वार्ड 61 का कूड़ा जब वार्ड 60 के डंप पर आया तो पार्षद अवतार सिंह ने कूड़ा फेंकने से रोक दिया। उसी समय पार्षद पति माइक खोसला भी आ गए और डंपों की चेकिंग के लिए कमिश्नर भी पहुंच गए।
जालंधर, जेएनएन। वार्ड नंबर 60 और 61 में कूड़े के डंप को लेकर चल रहे विवाद में नगर निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा ने कांग्रेसी पार्षदों से सहयोग की अपील की है। मंगलवार को वार्ड नंबर 61 का कूड़ा वार्ड नंबर 60 के डंप पर फेंकने से रोकने पर एक बार फिर कांग्रेसी पार्षदों अवतार सिंह और रिश्मा खोसला में विवाद बढ़ गया था, हालांकि निगम कमिश्नर ने इसे संभाल लिया। वार्ड 61 का कूड़ा जब वार्ड 60 के डंप पर आया तो पार्षद अवतार सिंह ने कूड़ा फेंकने से रोक दिया। उसी समय पार्षद पति माइक खोसला भी मौके पर आ गए और डंपों की चेकिंग के लिए निकले कमिश्नर भी पहुंच गए।
कमिश्नर ने डंप साइट पर पार्षद अवतार सिंह और पार्षद पति माइक खोसला से बात की और कहा कि मामले का हल बातचीत से ही निकाला जाए। 60 नंबर वार्ड के पार्षद अवतार सिंह ने वार्ड 61 का कूड़ा अपने वार्ड के डंप में आने से रोका हुआ है। इससे वार्ड नंबर 61 में परेशानी है। कमिश्नर ने कहा कि कुछ ही दिनों में विकासपुरी की एंट्री के पास डंप साइट पर कूड़े से खाद बनाने का प्लांट लग जाएगा। इससे दोनों वार्डों की समस्या हल हो जाएगी। तब तक दोनों ही पार्षद आपसी तालमेल से काम करें। उधर नंगलशामा में पिट्स प्रोजेक्ट के खिलाफ इलाके के लोगों के कोर्ट जाने के मामले में अगली सुनवाई 11 नवंबर को होगी। मंगलवार 5 नवंबर को सुनवाई होनी थी लेकिन हो नहीं पाई और अब 11 नवंबर का दिन तय किया गया है।
मॉडल टाउन डंप पर कूड़े की आमद कम हुई
नगर निगम की सख्ती के बाद मॉडल टाउन के डंप पर कूड़ा आना कम हुआ है। नगर निगम कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा ने बताया कि पहले डंप पर रोजाना 50 टन कूड़ा आ रहा था, लेकिन अब यह 40 टन तक हो गया है। होटलों, रेस्टोरेंटों और फूड बाजार का वेस्ट डंप पर ही आ रहा था, लेकिन अब सख्ती किए जाने के बाद कई रेस्टोरेंटों, होटलों ने अपने परिसर में ही कूड़े से खाद बनाने का प्रोजेक्ट लगा लिया है। 10 टन कूड़ा कम होने से माडल टाउन डंप से वरियाणा डंप तक कूड़ा भेजने का खर्च भी कम हुआ है। इससे डंप को मैनेज करना भी आसान हुआ है। पहले इस डंप पर सारा दिन ही कूड़ा फैला रहता था जिसकी कई शिकायतें आई थी।
वार्ड नंबर 21 में कूड़े की सेग्रीगेशन सबसे बेहतर
नगर निगम ने वेस्ट मैनेजमेंट के लिए कूड़े की सेग्रीगेशन पर जोर दिया है। इसके लिए चार वार्डों 12, 21, 42 और 64 में डस्टबिन वाले रेहड़े दिए हैं। इन सभी वार्डों में घरों से कूड़ा सेग्रीगेट करके लिया जाएगा। कमिश्नर दीपर्वा लाकड़ा ने कहा कि वार्ड 21 की पार्षद मनजीत कौर और कांग्रेस नेता मनमोहन ¨सह ने सेग्रीग्रेशन प्रोजेक्ट पर बेहतर ढंग से काम किया है। वार्ड नंबर 21 में लोगों को जागृत करने में तेजी है और इसका रिजल्ट नजर भी आ रहा है।