वीवा कोलाज गोलीकांडः जिंदगी और मौत से जूझ रहे युवक की हालत नाजुक Jalandhar News
पिछले दिनों वीवा कोलाज पब में लड़की से छेड़छाड़ के मामले में रुड़कां कलां के रविंदर कुमार उर्फ सोनू रुड़का ने कपूरथला के तलविंदर सिंह को गोली मार दी थी।
जालंधर, जेएनएन। वीवा कोलाज मॉल के हैंग आउट पब में युवती से छेड़खानी के बाद हुए चली गोली से घायल हुए युवक की हालत में पहले से थोड़ा सा सुधार जरूर आया है, लेकिन उसकी हालत अभी भी नाजुक बनी हुई है। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार उसकी हालत अभी भी खतरे से बाहर नहीं है। वहीं, युवक पर गोली चलाने वाले आरोपित से पुलिस की पूछताछ जारी है। पुलिस उसके बदमाशों के साथ जुड़े होने की पड़ताल में भी लगी हुई है।
शनिवार शाम साढ़े छह बजे के करीब हैंग आउट बार में डांस फ्लोर पर डांस कर रही युवती के साथ छेड़खानी के बाद दो पक्षों के बीच में विवाद हो गया था। इस दौरान रुड़कां कलां के रविंदर कुमार उर्फ सोनू रुड़का ने अपने बट से 32 बोर की देसी पिस्टल निकाल कपूरथला के टोडरवार निवासी तलविंदर सिंह को गोली मार दी थी। गोली तलविंदर के पेट के निचले हिस्से से आर-पार हो गई थी, जिस के बाद से वह होशियरपुर रोड स्थित जौहल अस्पताल में दाखिल है। जौहल अस्पताल के डॉ. पवन ने बताया कि तलविंदर की हालत में पहले से सुधार है। हालांकि अभी भी उसकी जिंदगी खतरे से बाहर नहीं है।
वहीं, मामले में महज 24 घंटे के भीतर ही सीआइए स्टाफ ने गोली चलाने वाले मुख्य आरोपित सोनू रुड़का को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस का कहना है कि सोनू के राज्य के विभन्न गैंगस्टरों के साथ संबंध हैं। देहात पुलिस द्वारा रविवार को गिरफ्तार किए गए ए-कैटागिरी के गैंगस्टर और डोना हत्याकांड के मुख्य आरोपित अर्जुन सहगल से भी काफी अच्छे संबंध रहे हैं। मामले में नामजद दूसरे आरोपित राजू औलख को तीन बाद भी पुलिस ने गिरफ्तार नहीं किया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उसकी सूचना पर ही आरोपित सोनू को गिरफ्तार किया था, जिस कारण गिरफ्तारी से वह अभी तक बचा हुआ है।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें