महिला वकील को पकड़ने के लिए आई चंडीगढ़ पुलिस, वकीलों ने किया विरोध Jalandhar news
हंगामा होता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। थाना बारादरी के प्रभारी जीवन सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने में ले आए।
जालंधर, जेएनएन। कचहरी चौक के पास मंगलवार को चंडीगढ़ पुलिस एक महिला वकील को हिरासत में लेने पहुंची। सूचना मिलते ही महिला वकील को बचाने के लिए कुछ और वकील भी मौके पर पहुंच गए और उन्होंने हंगामा करना शुरू कर दिया। हंगामा होता देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचित किया। थाना बारादरी के प्रभारी जीवन सिंह मौके पर पहुंचे और दोनों पक्षों को थाने में ले आए।
पुलिस ने बताया कि महिला वकील के मुताबिक उसके ससुराल वाले उसे दहेज के लिए तंग करते हैं और उनके खिलाफ महिला थाना में दहेज प्रताड़ना का केस दर्ज किया गया है। वहीं चंडीगढ़ पुलिस के साथ आए महिला के रिश्तेदारों का कहना था कि उक्त महिला उनके साथ विवाद करती है और कुछ समय पहले घर से कुछ दस्तावेज चुराकर अपने घर आ गई, जिसके चलते चंडीगढ़ में उसके खिलाफ चोरी का मामला दर्ज किया गया है।
थाने में भी दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप कई आरोप लगाए। इस मामले को लेकर थाना प्रभारी जीवन सिंह ने बताया कि बाद में दोनों पक्षों की तरफ से आए कुछ गणमान्य लोगों ने आपस में बैठकर मामला सुलझाने की बात कही, जिसके बाद दोनों पक्षों को मामले को सुलझाने के लिए दो दिन का समय दिया गया है। उसके बाद जो भी शिकायत आएगी उसके आधार पर बनती हुई कार्रवाई की जाएगी औऱ जो भी आरोपित होगा उसे बख्शा नहीं जाएगा।