शिवाजी नगर में गोली चलाने पर आप वर्कर सहित छह के खिलाफ केस दर्ज
बस्ती दानिशमंदा के साथ लगते शिवाजी नगर में गोली चलाने के मामले में पुलिस ने आप कार्यकर्ता सहित छह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
संवाद सहयोगी, जालंधर
शनिवार देर रात बस्ती दानिशमंदा के साथ लगते शिवाजी नगर में कांग्रेस कार्यकर्ता दीपक उर्फ दीपू के घर के बाहर गोली चलाने के मामले में थाना पांच की पुलिस ने आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता जिम्मी सहित छह लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। रविवार देर रात तक पुलिस आरोपितों की तलाश में छापेमारी कर रही थी। पुलिस का कहना है कि जिम्मी की गिरफ्तारी के बाद उसके बाकी साथियों की पहचान करवाने का प्रयास किया जाएगा।
पुलिस को दिए बयानों में दीपू ने बताया था कि शनिवार रात करीब 10 बजे वह अपने घर के बाहर खड़ा था। मोहल्ले के कुछ युवक भी उसके पास खड़े थे। इसी बीच चार-पांच मोटरसाइकिलों पर युवक आए, जिन्होंने हथियार पकड़ रखे थे। युवकों ने आते ही उसे ललकारा तो वह अपनी जान बचाने के लिए घर के अंदर भाग गया। जब वह अपने घर की छत पर पहुंचा तो वहां से देखा कि उक्त युवक तेजधार हथियार दिखाकर उसे गालियां निकाल रहे थे। इसी बीच एक युवक ने पिस्तौल निकालकर हवाई फायर कर दिया। यह देखकर उसने भी अपने बचाव में अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से फायर किया, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए। सारी घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। थाना पांच के प्रभारी सुखबीर सिंह का कहना था कि जिम्मी की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।
उधर इस संबंध में दीपक के खिलाफ भी थाना पांच में शिकायत आई है। पुलिस को दी शिकायत में संदीप नाम के युवक ने कहा कि वह लोग किसी काम से शिवाजी नगर की तरफ जा रहे थे। वहां पर दीपक अपने साथियों के साथ खड़ा था। दीपक उनको देखकर गालियां निकालने लगा। आरोप था कि दीपक ने कहा कि आप लोगों ने आम आदमी पार्टी का साथ दिया है। यह भी आरोप था कि दीपक ने उन पर गोली चलाई। घटना वहां पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।