Move to Jagran APP

फेरे लिए बिना ही बरात लेकर लौट गया दूल्हा, इंसाफ के लिए थाने पहुंची दुल्हन

दुल्हन के जिस लिबास में सज कर युवती रविवार रात को मंडप में बैठी थी उसी लिबास में सोमवार सुबह थाने में इंसाफ मांगने के लिए पहुंच गई।

By Sat PaulEdited By: Published: Tue, 30 Apr 2019 09:26 AM (IST)Updated: Tue, 30 Apr 2019 09:55 AM (IST)
फेरे लिए बिना ही बरात लेकर लौट गया दूल्हा, इंसाफ के लिए थाने पहुंची दुल्हन

जेएनएन, जालंधर। जम्मू से जालंधर में आकर शादी करवा सुखी जीवन जीने का सपना लेने वाली युवती के सपने दहेज और गुस्से की बलि चढ़ गए। दुल्हन के जिस लिबास में सज कर युवती रविवार रात को मंडप में बैठी थी, उसी लिबास में सोमवार सुबह थाने में इंसाफ मांगने के लिए पहुंच गई। उसके परिजनों ने किसी तरह से उसे समझा बुझा कर वापस भेजा और सोढल नगर निवासी दूल्हे समेत छह लोगों के खिलाफ शिकायत दे दी।

loksabha election banner

लड़की के पिता ने बताया कि उनकी जम्मू में मीट शॉप है। उनकी बेटी का रिश्ता 28 अप्रैल 2018 को सोढल नगर निवासी के साथ तय हुआ था। 28 अप्रैल 2019 को ही शादी का दिन तय हुआ। तय दिन वो शादी के लिए जम्मू से रिश्तेदारों को लेकर जालंधर आए और रेलवे रोड पर एक होटल में समारोह रखा। उन्होंने बताया कि पहले तो लड़के पक्ष के लोग रात को बारह बजे आए।

इसके बाद जब उनके घर की महिलाएं लड़के को छुहारा लगाने लगीं तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद चुन्नी चढ़ाने की रस्म पर फिर से लड़के पक्ष ने हंगामा कर दिया और चुन्नी तक फाड़ दी। इसके बाद जब मिलनी होने लगी तो भी लड़के के ताया को सोने की अंगूठी न पहनाने का आरोप लगा कर हंगामा कर दिया। बाद में लड़के की मां को सोने का सेट पहनाने की जिद करने लगे।

इसके बाद बीस लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। जबकि पहले ऐसा कुछ भी नहीं तय हुआ था। उन्होंने बताया कि उन्होंने लड़के व उसके परिवार की बहुत मिन्नतें कीं और हाथ पांव जोड़े लेकिन वो नहीं माने और दुल्हन को ब्याहे बिना शादी समारोह से चले गए। इस संबंध में थाना तीन के प्रभारी भारत भूषण ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों की शिकायत आई है और जांच के बाद बी बनती कार्रवाई की जाएगी।

दो साल से था अफेयर, बरात लेकर पंहुचे तो किया बेइज्जत : दूल्हा

वहीं दूल्हे और उसके परिवार ने थाना तीन में लड़की वालों के खिलाफ धक्केशाही करने की शिकायत दी। लड़के ने पुलिस को बताया कि उसका दो साल से लड़की के अफेयर था और 28 तारीख को शादी थी। उसने बताया कि शादी समारोह में पहुंचे तो लड़की वाले बीच सड़क पर ही उसे छुहारा लगाने लगे तो उसने होटल के अंदर जाकर छुहारा लगाने की बात कही। इसके बाद अंदर जाकर उन्होंने उसके परिजनों के साथ बदसलूकी की। वह अपने परिवार की इज्जत बचाने की खातिर वापस आ गया।

मैं तो लड़के को जानती तक नहीं : दुल्हन

थाने में पहुंची दुल्हन ने बताया कि एक साल पहले शादी तय हुई थी लेकिन तब से लेकर शादी वाले दिन तक यह नहीं बताया गया था कि कार और 20 लाख रुपये चाहिए। लेकिन जब बरात लेकर आ गए तो लड़के वालों ने दहेज मांगना शुरू कर दिया। उसने बताया कि उसकी शादी तय हुई थी और वह पहले लड़के को जानती तक नहीं थी।

विधायक बावा हैनरी के पास भी पहुंचे दोनों पक्ष

शादी में हुए विवाद को लेकर दोनों पक्ष विधायक बावा हैनरी के पास भी पहुंचे। बावा हैनरी ने दोनों पक्षों की बात सुनी और फिर उनको अपने अपने वीडियोग्राफर से वीडियो लेकर आने के लिए कहा। बावा हैनरी का कहना था कि दोनों पक्षों की बात सुन ली गई है लेकिन सच तो तभी सामने आ सकता है जब दोनों पक्ष अपना अपना वीडियो लेकर आएंगे।

हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें


Jagran.com अब whatsapp चैनल पर भी उपलब्ध है। आज ही फॉलो करें और पाएं महत्वपूर्ण खबरेंWhatsApp चैनल से जुड़ें
This website uses cookies or similar technologies to enhance your browsing experience and provide personalized recommendations. By continuing to use our website, you agree to our Privacy Policy and Cookie Policy.