जहरीली शराब से हुई माैताें का मामलाः जालंधर में भाजयुमो का कांग्रेस विधायकों के दफ्तरों पर धरना
पंजाब में जहरीली शराब से हुई माैताें का मामले में अब राजनीति तेज हाे गई है। भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को कई स्थानाें पर धरना देकर सरकार के खिलाफ राेष जताया।
जालंधर, जेएनएन। अमृतसर, तरनतारन और बटाला में जहरीली शराब से हुई मौतों के मामले को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा ने शुक्रवार को कांग्रेस विधायकों के घरों और दफ्तरों का घेराव किया।विधायक बावा हैनरी, राजेंद्र बेरी, सुशील रिंकू व प्रगट सिंह के दफ्तरों के बाहर भाजयुमो के 5-5 कार्यकर्ता धरने पर बैठे रहे।
यह सभी पंजाब की कांग्रेस सरकार की बर्खास्तगी की मांग कर रहे थे भाजयुमो के जिला प्रधान बलजीत सिंह प्रिंस ने विधायक राजेंद्र बेरी के ऑफिस के सामने धरना दिया। इसी तरह विधायक सुशील रिंकू और विधायक परगट सिंह के घर के बाहर भी भाजयुमो के 5-5 कार्यकर्ता धरने पर बैठे। भाजयुमो का धरना हालांकि सीमित सदस्यों का ही था लेकिन जिला पुलिस ने विधायकों के दफ्तरों और घरों के बाहर सुरक्षा बल तैनात कर दिया था।
भाजपा पर सस्ती राजनीति करने का अाराेप
विधायक बाबा हैनरी ने कहा कि भाजपा सस्ती राजनीति कर रही है। क्या मामले में पंजाब सरकार ने सख्त कार्रवाई की है और करीब 100 लोगों पर एक्शन हुआ है। मुख्यमंत्री पहले ही कह चुके हैं कि इस मामले में किसी को नहीं बख्शा जाएगा। भाजपा और अकाली दल इस गंभीर समय में राजनीति कर रहे हैं जो कि ठीक नहीं है। हैनरी ने कहा कि भाजयुमो के पास धरने देने के लिए भी लोग इकट्ठे नहीं हो रहे है।