भाजपा एससी मोर्चा की इंसाफ यात्रा आज, अश्वनी शर्मा करेंगे रवाना
पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा एससी मोर्चा आज वीरवार को इंसाफ यात्रा निकालेगा
जागरण संवाददाता, जालंधर
पंजाब की कांग्रेस सरकार के खिलाफ भाजपा एससी मोर्चा आज वीरवार को दलित इंसाफ यात्रा निकालेगा। प्रदेश भाजपा के महासचिव एवं जोनल प्रभारी डा. सुभाष शर्मा ने बताया कि दलित इंसाफ यात्रा सूर्या एनक्लेव से सुबह 11 बजे शुरू होगी और करीब एक हजार गाड़ियों के काफिले के साथ चंडीगढ़ पहुंच कर मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिदर सिंह के निवास का घेराव करेगी। यात्रा को पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा रवाना करेंगे। इसमें केंद्रीय मंत्री सोम प्रकाश, पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला, प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता, डा. सुभाष शर्मा, एससी मोर्चा प्रदेश प्रभारी राजेश बाघा, एससी मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष राज कुमार अटवाल, भाजपा प्रवक्ता मोहिदर भगत मुख्य रुप से शामिल होंगे।
डा.शर्मा ने कहा कि मंत्री साधु सिंह धर्मसोत ने एससी विद्यार्थियों का पोस्ट मैट्रिक स्कालरशिप का 64 करोड़ रुपए हड़प लिया है। सरकार ने उल्टा मंत्री को ही क्लीन चिट दे दी है। जलालाबाद में एससी युवक पर अमानवीय अत्याचार हुए हैं और सरकार के दबाव में इंसाफ तक नहीं मिल रहा। इसलिए इंसाफ के लिए अब यात्रा निकालने का फैसला लिया है।