पंजाब में अपने बूते चुनाव लड़ने की तैयारी में भाजपा! प्रदेश प्रधान की ताजपोशी में दिखी सुगबुगाहट
पंजाब भाजपा प्रधान अश्विनी शर्मा के ताजपोशी समारोह में कई नेताओं ने पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात कही। वे बीच-बीच में वर्करों से पूछते रहे कि क्या वे इसके लिए तैयार हैं।
जालंधर, जेएनएन। भाजपा नए प्रदेश प्रधान अश्विनी शर्मा की नियुक्ति के साथ ही पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने का सपना देखने लगी है। शुक्रवार को जालंधर में हुए शर्मा के ताजपोशी समारोह में इसके संकेत मिले हैं। कार्यक्रम में संबोधन के दौरान सभी नेताओं की जुबान पर कार्यकर्ताओं की चर्चा थी। उन्हें सभी नेता पार्टी की रीढ़ बता रहे थे। इस दौरान पंजाब में अकेले चुनाव लड़ने की बात भी कही गई। बीच-बीच में वर्करों से पूछा जाता रहा कि क्या वह इसके लिए तैयार हैं। यहां देश भगत यादगार हॉल में मौजूद वर्करों का जोश देखकर तो यही लगा वे तैयार हैं। अब देखना है कि क्या पार्टी हाईकमान उन्हें इसका मौका देगी।
दरअसल, पिछले कुछ वर्षों में इस मुद्दे पर वर्करों की कभी सुनवाई नहीं हुई। हालांकि अश्विनी शर्मा के प्रधान बनने के बाद उनमें नया उत्साह नजर आ रहा है। अश्विनी शर्मा जमीन से जुड़े नेता माने जाते हैं और वर्करों के साथ खड़े रहते हैं। हालांकि भविष्य में क्या होगा इस पर कुछ कहा नहीं जा सकता।
जालंधरः देश भगत यादगार हॉल में शुक्रवार को पंजाब के नवनिर्वाचित प्रधान अश्विनी शर्मा का मुंह मीठा करवाते हुए पूर्व प्रधान श्वेत मलिक।
वर्करों की अनदेखी का नतीजा भुगत चुकी है भाजपा
पिछले कुछ वर्षों में वर्करों की अनदेखी का खामियाजा पार्टी को भुगतना पड़ा है। विधानसभा चुनाव में हार के बाद भी यह सिलसिला नहीं रुका। हार से सबक लेने की बजाय पार्टी में गुटबाजी बढ़ी है। खींचतान में वर्कर ही पिसे हैं।
सांपला ने श्वेत मलिक पर कसा तंज
पंजाब भाजपा के पूर्व प्रधान एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला ने अश्विनी शर्मा के प्रधान बनने को पार्टी में नई ऊर्जा भरने वाला बताया है। उन्होंने कहा कि अश्विनी की प्रधानगी मकर संक्रांति वाले दिन तय हुई थी। यह वह दिन है जब यह माना जाता है कि अब अच्छे और बड़े दिन आएंगे और नई कलियां खिलेंगी। उन्होंने निवर्तमान प्रधान श्वेत मलिक का नाम लिए बिना कहा कि अश्विनी ने निराश वर्करों में नया जोश भरा है। अब पार्टी आगे बढ़ेगी। श्वेत मलिक को पार्टी हाईकमान ने सांपला की जगह ही प्रधान बनाया था। श्वेत मलिक के प्रधान बनने के बाद सांपला गुट को हाशिए पर धकेल दिया गया था।
पूर्व मंत्री कालिया को कहा ब्रह्मचारी प्रधान
सीनियर नेता मदल मोहन मित्तल ने कहा कि 2022 का जो संकल्प लिया गया है, वह जरूर पूरा होगा। उन्होंने पूर्व प्रधान मनोरंजन कालिया को देखते हुए कहा कि एक ब्रह्मचारी प्रधान का भी आशीर्वाद मिल गया है, अब संकल्प तो पूरा होकर रहेगा। इससे मंच पर बैठे नेताओं और हॉल में बैठे कार्यकत्र्ताओं की हंसी छूट गई। मनोरंजन कालिया अविवाहित हैं। मित्तल को उनका राजनीतिक गुरु माना जाता है।
भगत चूनी लाल से लिया आशीर्वाद
भाजपा के वयोवृद्ध नेता भगत चूनी लाल से मिलते भाजपा के नए प्रधान अश्विनी शर्मा। साथ हैं दिेनेश कुमार, महिंदर भगत, सन्नी शर्मा, मनीष विज।
पंजाब भाजपा का प्रधान पद संभालने के अश्विनी शर्मा ने वयोवृद्ध भाजपा नेता भगत चूनी लाल से आशीर्वाद लिया। अश्विनी शर्मा ने पूर्व मंत्री भगत चूनी लाल के साथ उनके घर पर मुलाकात करके राजनीति पर चर्चा की। मौके पर संगठन मंत्री दिनेश शर्मा, जीवन गुप्ता, जिलाध्यक्ष रमन पब्बी, राजेश बग्गा, मुनीश विज, राजीव ढींगरा, विनीत धीर, अमित संधा, सन्नी शर्मा, सौरभ सेठ, पवन कश्यप उपस्थित रहे।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें