भाजपा के सीनियर नेताओं ने की बैठक, चुनाव में हुई गड़बड़ी पर किया मंथन Jalandhar News
मीटिंग में नागरिकता संशोधन बिल पास करवाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बिल देश के लिए जरूरी था।
जालंधर, जेएनएन। भाजपा में अनदेखी का शिकार चल रहे कई वरिष्ठ नेताओं के सक्रिय होने से पार्टी में हलचल है। पिछले 15 दिन में अनदेखी से नाराज चल रहे नेताओं की यह दूसरी बैठक है। बैठक का मुद्दा तो नागरिकता संशोधन बिल ही था, लेकिन यह माना जा रहा है कि पार्टी के संगठनात्मक चुनाव से पहले यह हलचल कोई बड़ा संदेश है।
बैठक में पूर्व जिलाध्यक्ष रमेश शर्मा, पूर्व गो सेवा बोर्ड के चेयरमैन कीमती भगत, भाजपा के वरिष्ठ नेता विपन शर्मा, कांत करीर, वरिंदर अरोड़ा, भगत मनोहर लाल, सुभाष भगत, दीपक जौड़ा, कुलवंत सिंह दालम, गुरविंदर सिंह तूर, चेतन छिब्बर, मास्टर मुनी लाल भगत मौजूद रहे। इन नेताओं ने पार्टी के हालात और मंडल चुनाव में हुई गड़बड़ी पर भी चर्चा की।
सभी नेताओं को पार्टी की बैठकों, कार्यक्रमों में नहीं बुलाया जाता। पार्टी पर काबिज पदाधिकारियों के साथ इन नेताओं का 36 का आंकड़ा है। पार्टी कार्यक्रमों में न बुलाने पर यह नेता कई बार नाराजगी भी व्यक्त कर चुके हैं। मंडल चुनावों के दौरान वेस्ट हलके के वरिष्ठ नेताओं को नहीं बुलाया गया। नॉर्थ और सेंट्रल हलके में चुनाव प्रक्रिया में पार्टी संविधान की अनदेखी पर चुनाव इंचार्ज को ही विरोध का सामना करना पड़ा था। 13 में से सात मंडल के चुनाव रद करने पड़े थे। जल्द ही पंजाब भाजपा के नए प्रधान की घोषणा होनी है। जालंधर शहरी के प्रधान पद के लिए चुनाव नहीं हो पाएगा क्योंकि जरूरी गिनती में मंडल के चुनाव नहीं हो पाए।
जिला प्रधान को पंजाब प्रधान ही नियुक्त करेगा। नाराज नेता भी पंजाब प्रधान की नियुक्ति पर नजर टिकाए हैं। मीटिंग में इस पर लंबी चर्चा हुई है। नए प्रधान बनने के बाद उनके सामने यह मुद्दे रखे जाने हैं और जिला प्रधान के लिए दावा भी किया जाएगा। मीटिंग में नागरिकता संशोधन बिल पास करवाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह को बधाई दी। भाजपा नेताओं ने कहा कि यह बिल देश के लिए जरूरी था।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें