विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

11 नवंबर को मनाया जाएगा भाई दूज, चेक करें शुभ मुहूर्त; पंडित जी ने बताई पूजा की विधि

By Sham SehgalEdited By: Prince Sharma
Published: Tue, 10 Nov 2026 02:39 PM (IST)

इस साल भाई दूज 11 नवंबर को मनाया जाएगा, जिसमें बहनें अपने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए तिलक करेंगी।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

फोटो एआई द्वारा जनरेट की गई है।

HighLights

  1. भाई दूज 11 नवंबर को उदय तिथि के कारण मनाया जाएगा

  2. तिलक का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक

  3. यम-यमुना की पौराणिक कथा से जुड़ा है भाई दूज पर्व

शाम सहगल, जालंधर। इस बार भाई दूज दीपावली के एक दिन बाद नहीं, बल्कि दो दिन बाद 11 नवंबर को मनाया जाएगा। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वितीया तिथि पर बहनें भाई के माथे पर तिलक लगाकर उसकी लंबी उम्र, सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना करेंगी।

पंचांग के अनुसार द्वितीया तिथि 10 नवंबर को दोपहर करीब दो बजे शुरू होकर 11 नवंबर को दोपहर 3:53 बजे तक रहेगी। सनातन परंपरा में पर्व और त्योहार उदय तिथि के दिन मनाए जाते हैं, इसलिए भाई दूज 11 नवंबर को मनाया जाएगा। भाई को तिलक लगाने का शुभ मुहूर्त दोपहर 1:10 बजे से 3:20 बजे तक रहेगा।

दो घंटे का शुभ समय

इस तरह बहनों को तिलक के लिए करीब दो घंटे का शुभ समय मिलेगा। दीपावली और धनतेरस के बाद भी बाजारों में चहल-पहल बनी हुई है। बहनों ने भाई दूज के लिए मिठाइयों और बेकरी उत्पादों की खरीदारी की।

भाइयों ने भी बहनों को उपहार देने के लिए अलग-अलग सामान खरीदा। भगवान वाल्मीकि गेट के नजदीक कुक्कू बेकरी के अमृत गक्खड़ और विकास गक्खड़ ने बताया कि बहनों ने केक, फ्लेवर्ड बिस्किट्स और चाकलेट गिफ्ट पैक खरीदे हैं।

क्यों मनाते हैं भाई दूज?

भाई दूज की पौराणिक कथा पंडित भोलानाथ द्विवेदी के अनुसार सूर्य देव की पुत्री यमुना के भाई यमराज थे। एक दिन बहन के आग्रह पर वे उनके घर पहुंचे। यमुना प्रसन्न हुईं और भाई के माथे पर तिलक लगाकर उन्हें तरह-तरह के व्यंजन परोसे।

यमराज ने यमुना से वर मांगने को कहा। यमुना ने वर मांगा कि कार्तिक शुक्ल द्वितीया को जो भाई बहन से माथे पर तिलक लगवाकर उसके घर भोजन करे, उसे दीर्घायु और समृद्धि का आशीर्वाद मिले। यमराज ने यह वरदान दिया। मान्यता है कि तभी से यह पर्व मनाया जा रहा है।

पंडित बसंत शास्त्री के अनुसार भाई दूज पर बहनें सुबह स्नान कर स्वच्छ वस्त्र पहनें। भाई को पूर्व या उत्तर दिशा की ओर मुख करके बैठाएं और रोली, अक्षत, पुष्प व मिठाई से तिलक करें।

इसके बाद उसे मिठाई खिलाकर नारियल, कलावा और उपहार देना शुभ माना जाता है। भाई भी बहन को उपहार देकर उसकी रक्षा का संकल्प लेता है। इस दिन बहन के घर भोजन करना विशेष फलदायी माना गया है।

 

 

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।