विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जालंधर में ट्रक ने ट्रैक्टर को मारी टक्कर, दो घायल; SSF ने एक घंटे की कोशिश के बाद फंसे ड्राइवर को निकाला

Published: Fri, 30 Oct 2026 11:58 AM (IST)

जालंधर में ब्यास गांव के पास टायर पंक्चर होने से अनियंत्रित ट्रक ने प्लाईवुड से लदे ट्रैक्टर को पीछे से ...और पढ़ें

एक्सीडेंट और ट्रैक्टर की टक्कर और कैबिन में फंसा हुआ ड्राइवर।

एक्सीडेंट और ट्रैक्टर की टक्कर और कैबिन में फंसा हुआ ड्राइवर।

जागरण संवाददाता, जालंधर। पठानकोट से जालंधर की ओर जा रहे एक प्लाईवुड से लदे ट्रैक्टर को ब्यास गांव के पास पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। शुक्रवार सुबह करीब 6:32 बजे हुए इस सड़क हादसे में दो लोग घायल हो गए। हादसे की सूचना राहगीर ने सड़क सुरक्षा फोर्स (SSF) को दी, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार देने के बाद 108 एंबुलेंस की मदद से सिविल अस्पताल काला बकरा पहुंचाया गया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, प्लाईवुड से लदा ट्रैक्टर पठानकोट से जालंधर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे टाटा 1109 ट्रक का टायर पंक्चर हो गया। इसके चलते ट्रक अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रैक्टर से टकरा गया।

टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में सवार दो लोग घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और सड़क पर यातायात भी प्रभावित होने लगा।

यह भी पढ़ें- जालंधर बाईपास पर डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा का शीशा तीसरी बार तोड़ा, इलाके में तनाव का माहौल; मौके पर पहुंची पुलिस

एंबुलेंस से घायलों को भेजा अस्पताल

हादसे के बाद एक घायल ट्रक के अंदर फंस गया था। मौके पर पहुंची SSF टीम ने स्थानीय लोगों और ट्रैक्टर की मदद से उसे बाहर निकालने के लिए राहत कार्य चलाया। काफी प्रयासों के बाद घायल को ट्रक से सुरक्षित बाहर निकाला गया। इसके बाद दोनों घायलों को प्राथमिक सहायता देकर 108 एंबुलेंस के माध्यम से सिविल अस्पताल काला बकरा भेजा गया। हादसे में किसी की मौत नहीं हुई।

हाइड्रा मशीन बुलाकर रास्ता करवाया साफ

हादसे के कारण सड़क पर ट्रक और ट्रैक्टर खड़े होने से यातायात बाधित हो रहा था। SSF टीम ने नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारियों से संपर्क कर हाइड्रा मशीन मौके पर मंगवाई। इसकी सहायता से दुर्घटनाग्रस्त ट्रक और ट्रैक्टर को सड़क के किनारे करवाया गया। इसके बाद सड़क को साफ करवाकर यातायात दोबारा सुचारू रूप से शुरू करवाया गया, ताकि अन्य वाहन चालकों को परेशानी का सामना न करना पड़े।

यह भी पढ़ें- जालंधर में आर्मी पब्लिक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी, ईमेल में IED ब्लास्ट का जिक्र

पुलिस अधिकारियों को दी गई सूचना

SSF टीम ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी चौकी अलावलपुर के इंचार्ज एसआई सिमरनजीत सिंह को दी। इसके बाद एसआई योगराज भी 112 टीम के साथ मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली। राहत एवं बचाव कार्य में एएसआई रणधीर सिंह, कांस्टेबल लखविंदर सिंह और कांस्टेबल बलविंदर सिंह शामिल रहे।

दोनों वाहनों में सवार थे लोग

हादसे में शामिल ट्रक टाटा 1109 का नंबर DL1MB0297 बताया गया है। इसे दिल्ली निवासी राज कुमार चला रहा था। उसके साथ मोहम्मद नदाब और अनस भी मौजूद थे। वहीं, दूसरे वाहन प्लाईवुड से लदे बिना नंबर के ट्रैक्टर को झारखंड निवासी विजय चला रहा था। हादसे में कुल दो लोग घायल हुए, जबकि दो वाहनों को नुकसान पहुंचा।

यह भी पढ़ें- तरनतारन में पराली जलाने से रोकने निकले अधिकारी पर हमला, 90 किसानों पर केस दर्ज