यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 29, 2021 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
अमृतसर में BSF के अधिकार बढ़ाने का विरोध, सुखबीर की अगुआई में अकाली दल ने निकाला रोष मार्च
बीएसएफ के अधिकार बढ़ाने के विरोध में अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल बादल ने रोष मार्च निकाला। पाकिस्तान सीमा पर ...और पढ़ें

जासं, अमृतसर। पंजाब में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को और अधिकार दिए जाने पर राजनीति तेज हो गई है। शुक्रवार को अमृतसर में शिरोमणि अकाली दल बादल इसके खिलाफ रोष मार्च निकालकर विरोध जताया है।पाकिस्तान सीमा पर स्थित अटारी से निकाला गया रोष मार्च अमृतसर के गोल्डन गेट तक पहुंचा। इसकी अगुआई शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल और महासचिव बिक्रम सिंह मजीठिया ने की। बिक्रम सिंह मजीठिया मोटरसाइकिल पर बैठकर मार्च में शामिल हुए हैं। वहीं, सुखबीर सिंह बादल ओपन जीप में सवार होकर इसकी अगुवाई कर रहे हैं।
अटारी से शुरू होकर रोष मार्च अटारी रोड से होते हुए जीटी रोड गोल्डन टेंपल की तरफ बढ़ रहा है। रास्ते में अलग-अलग विधानसभा क्षेत्रों के प्रभारी अपने वर्करों के साथ मार्च में शामिल हो रहे हैं। इस कारण काफिला बड़ा और लंबा होता जा रहा है। प्रदर्शनकारियों में हजारों की संख्या में वर्करों ने शिरोमणि अकाली दल यूथ अकाली दल और पार्टी के छात्र विंग के झंडे हाथ में लिए हुए हैं। बड़ी संख्या में अकाली कार्यकर्ता मोटरसाइकिलों और चौपहिया वाहनों पर सवार होकर मार्च में शामिल हो रहे हैं।

अमृतसर में शुक्रवार को अकाली दल के रोष मार्च में शामिल कार्यकर्ता।
अब बार्डर से 50 किमी तक सर्च और अरेस्ट कर सकती है बीएसएफ
बता दें कि केंद्र सरकार ने पिछले दिनों भारत-पाकिस्तान पर ड्रोन से हथियारों और हेरोइन की खेप भेजने के मामले बढ़ने और पंजाब में कई आतंकवादियों के पकड़े जाने के बाद बीएसएफ को बार्डर से 50 किलोमीटर के दायरे में किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार करने, उसकी तलाशी लेने का अधिकार दे दिया था। अभी तक यह दायरा केवल 15 किमी तक था। पंजाब में सतारूढ़ कांग्रेस पार्टी सहित पंजाब के कई दल इसका कडा विरोध कर रहे हैं।
