सलामी देकर बढ़ाया पुलिस कर्मियों का हौसला, अलायंस क्लब करतारपुर ने भेंट किए छतरी और एनर्जी ड्रिंक
अलायंस क्लब के सदस्यों ने सलामी के बाद करतारपुर के सभी नाकों और करतारपुर चौक मे मौजूद पुलिस कर्मचारियों को एनर्जी ड्रिंक और सैनिटाइजर भेंट किए।
करतारपुर (जालंधर), जेएनएन। अलायंस क्लब करतारपुर के प्रधान नीरज सूरी की देखरेख में करतारपुर चौक में कोरोना वायरस संकट के दौरान लगे लॉकडाउन में जिंदगी दांव पर लगाकर 24 घंटे ड्यूटी दे रहे पुलिस कर्मचारियों का हौसला बढ़ाया गया। इस उद्देश्य के साथ यहां सलामी कार्यक्रम का आयोजन किया गया जिसमे डीएसपी सुरेंद्र पाल सिंह विशेष तौर से पहुंचे।
अलायंस क्लब के प्रधान नीरज सूरी, सुरजीत सिंह वालिया, नरेश अग्रवाल ,विमल जैन, राजू अरोड़ा ,बलबीर राणा, राकेश अरोड़ा, बोध प्रकाश साहनी आदि ने पुलिस कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा करते हुए उन्हें सलामी दी और उनका हौसला बढ़ाया। पूरे कार्यक्रम के दौरान क्लब के सदस्यों ने शारीरिक दूरी के नियम का पालन किया।
करतारपुर चौक में पुलिस कर्मचारियों को सलामी देने के बाद उन्हें छतरी और सैनिटाइजर भेंट करते हुए क्लब के प्रधान नीरज सूरी, सुरजीत सिंह वालिया, नरेश अग्रवाल, विमल जैन, राजू अरोड़ा, बलबीर राणा, राकेश अरोड़ा, बोध प्रकाश साहनी व पुलिस कर्मचारी।
उसके बाद गर्मियां शुरू होने को ध्यान में रखते हुए पुलिस कर्मचारियों को गर्मी और बारिश से बचाने के लिए दो दर्जन के करीब छतरियां भेंट की गईं। इसके अलावा करतारपुर के सभी नाकों और करतारपुर चौक में मौजूद पुलिस कर्मचारियों को एनर्जी ड्रिंक एवं सैनिटाइजर भेंट किए। अलायंस क्लब के सुरजीत सिंह वालिया ने पुलिस कर्मचारियों के कार्यों की प्रशंसा की और कहा कि अलायंस क्लब एवं लायंस क्लब हमेशा उनके साथ खड़ा है कोरोना वायरस के चलते लगे लॉक डॉउन दौरान जहां हजारों लोगों को घर-घर राशन पहुंचाया है। वहीं, डॉक्टरों एवं पुलिस प्रशासन को पीपीई किट,मास्क और सैनिटाइजर भी भेंट कर सेवा कार्य में अपना योगदान दे रहा है।
डीएसपी धोगड़ी ने जताया आभार
डीएसपी सुरेंद्र पाल धोगड़ी ने कर्मचारियों का हौसला बढ़ाने के लिए अलायंस क्लब के सदस्यों का हौसला बढ़ाया है। उन्होंने कहा इससे पुलिस कर्मचारियों का, जो दिन-रात ड्यूटी पर तैनात हैं, का हौसला बढ़ेगा। उनके लिए छतरियां काफी सहायक सिद्ध होंगी। डीएसपी ने लायंस क्लब के सदस्यों का आभार व्यक्त किया और अपील की कि कोरोना वायरस महामारी को देखते हुए लोग घरों में रहें।