विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Mar 23, 2022 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

खिलाड़ी संदीप की हत्या के बाद अब जालंधर में हो सकती है बड़ी गैंगवार, कबड्डी के खेल में फैला गैंगस्टरों का साया

By Vinay KumarEdited By:
Published: Wed, 23 Mar 2022 11:48 AM (IST)

अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप की हत्या के बाद अब शहर में फिर से गैंगस्टरों का खौफ छाने लगा है। कुछ ...और पढ़ें

कबड्डी खिलाड़ी संदीप की हत्या के बाद अब जालंधर में बड़ी गैंगवार हो सकती है।
कबड्डी खिलाड़ी संदीप की हत्या के बाद अब जालंधर में बड़ी गैंगवार हो सकती है।

संवाद सहयोगी, जालंधर : अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप संधू नंगल अंबीयां की हत्या के बाद अब शहर में एक बार फिर से गैंगस्टरों का खौफ छाने लगा है। संदीप की हत्या के बाद सबसे पहले गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई ने अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट डालकर संदीप को मारने की जिम्मेदारी लेते हुए कहा था कि संदीप उसके दुश्मनों से मिला हुआ था। वहीं दूसरे दिन गैंगस्टर जग्गू भगवानपुरिया ने इस फेसबुक पोस्ट को फेक बताकर संदीप को अपना भाई बताया था। उससे अगले दिन गैंगस्टर दविंदर बंबीहा ग्रुप ने संदीप की हत्या की जिम्मेवारी लेते हुए संदीप को भगवानपुरिया गैंग का बताया था। संदीप की हत्या होने के बाद एक बाद तीन बड़े गैंस्टरों ने इस हत्याकांड में अपना-अपना बयान फेसबुक पेज पर जारी किया था। इससे यह साफ हो गया है कि जहां कबड्डी के खेल में गैंगस्टरों का साया है, वहीं जालंधर में भी अब गैंगस्टरों का वर्चस्व कायम होना शुरू हो गया है।

कुछ साल पहले गैंगस्टर सुक्खा काहलवां, विक्की गौंडर, प्रेमा सहित कुछ अन्य गैंगस्टरों के जाने के बाद जालंधर में एक तरह से गैंगस्टरों का खौफ कम हो गया था। सबसे पहले टिंकू हत्याकांड में पुनीत गैंगस्टर का नाम शामिल हुआ था। इसके बाद पूर्व पार्षद सुखमीत डिप्टी की हत्या में भी पुनीत सहित विदेश व विभिन्न जेलों में बंद गैंगस्टरों का नाम सामने आया था। अब कबड्डी खिलाड़ी संदीप की हत्या में भी बड़े गैंगस्टरों का नाम सामने आ रहा है। इन तीनों हत्याकांडों में बड़े गैंगस्टर शामिल हैं। इनमें से कई की आपस में रंजिश है। जालंधर के कई युवा इनके लिए शूटर का काम करते हैं।

कौशल चौधरी सहित पकड़े गए सभी गैंगस्टर पुलिस रिमांड पर

संदीप नंगल अंबीयां की हत्या के मामले में जालंधर देहाती पुलिस ने बीते दिन गैंगस्टर फतेह सिंह उर्फ युवराज, हरियाणा के कौशल चौधरी, अमित गागर और सिमरनजीत सिंह उर्फ जुझार सिंह को विभिन्न जेलों से प्रोडक्शन वारंट पर लाई थी और इस हत्याकांड में सभी की गिरफ्तारी दिखा दी थी। मंगलवार को पुलिस ने चारों गैंगस्टरों के वीडियो कांफ्रेंस के जरिए अदालत में पेशकर 25 मार्च तक का रिमांड हासिल कर लिया है। बताया जा रहा है कि पुलिस ने उन शूटरों की भी पहचान कर ली है जिन्होंने संदीप को गोली मारी थी। जल्द ही पुलिस इस मामले में बाकी आरोपितों की गिरफ्तारी भी दिखा सकती है। वहीं पुलिस ने चार टीमें बनाकर अलग-अलग राज्यों में आरोपितों की तलाश में भेजी हैं। इस मामले में पुलिस ने कनाडा में रहकर टीवी और रेडियो शो के निर्माता निर्देशक सनोवर ढिल्लों और गांव धुनेके (मोगा) निवासी सुखजिंदर सिंह उर्फ सुक्खा और लुधियाना के जगजीत को भी नामजद किया है।

पुलिस अपना काम बखूबी से कर रही : पुलिस कमिश्नर

एसएसपी सतिंदर सिंह का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उधर, मामले में पुलिस कमिश्नर नौनिहाल सिंह का कहना है कि जालंधर के लगभग सभी मामलों को ट्रेस कर लिया गया है। पुलिस अपना काम बखूबी तरीके से कर रही है।

कबड्डी को नशामुक्त करना चाहता था संदीप

संवाद सूत्र, शाहकोट : संदीप इंग्लैंड में कबड्डी खिलाड़ी के रूप में काफी प्रसिद्ध थी। उसका जन्म नौ सितंबर 1983 को पिता स्वर्ण सिंह व माता कश्मीर कौर के घर हुआ था। उसने अपने चाचा जगीर सिंह के प्रोत्साहन के साथ मोगा में पंजाब स्कूल खेल के दायरे वाले कबड्डी मुकाबलों में जालंधर जिले की कप्तानी की और पंजाब चैंपियन बनने का मान प्राप्त किया। उसका स्वप्न था कि मां खेल कबड्डी नशा मुक्त हो। उसने 2017 से अपने गांव नंगल अम्बी में हर साल सुपर कबड्डी कप की शुरुआत की और फरवरी 2022 में भी कबड्डी कप के लिए इंग्लैंड से आया हुआ था।

खिलाड़ी की हत्या का मामला संसद में उठा

मंगलवार को अंतरराष्ट्रीय कबड्डी खिलाड़ी संदीप की हत्या का मामला संसद में भी उठा। मामले को सांसद चौधरी संतोख सिंह ने उठाते हुए कहा कि आरोपितों पर कड़ी कार्रवाई हो।


जालंधर के थे शार्प शूटर

पुलिस ने संदीप पर गोली चलाने वाले लगभग सभी शूटरों की पहचान कर ली है। बताया जा रहा है कि सभी शूटर जालंधर व आसपास के रहने वाले हैं। पुलिस उनकी गिरफ्तारी के लिए स्वजनों पर दबाव बनाने का काम भी कर रही है।

यह है मामला

14 मार्च को मल्लीयां खुर्द में कबड्डी टूर्नामेंट में संदीप के एक साथी को सम्मानित किया गया था। इस बीच संदीप उसे छोड़ने के लिए सड़क पार करने लगा तो मौके पर ही कुछ लोगों ने अंधाधुंध फायरिंग कर संदीप की मौत के घाट उतार दिया।