पुलिस स्टेशन के बाहर AAP विधायक अमरजीत संदोआ का हंगामा, बोले- लाओ जिन्ने हत्थ लाणा, जानें क्या है मामला
आप विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने नूरपुरबेदी पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर हंगामा किया। मामला गांव करतारपुर व गांव भोलेवाल के दो पक्षों में हुए झगड़े का है। जिसमें एक पक्ष ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाया। जिसपर आप विधायक पुलिस स्टेशन पहुंच गए।
नूरपुरबेदी, जेएनएन। नूरपुरबेदी ब्लाक के गांव करतारपुर व गांव भोलेवाल के दो पक्षों में हुए झगड़े में पुलिस ने जब एक पक्ष के खिलाफ मामला दर्ज कर दिया, तो दूसरे पक्ष ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए मामला हलका विधायक अमरजीत सिंह संदोआ (आम आदमी पार्टी) के पास उठाया। इसके बाद जब वह परिवार दोबारा पुलिस स्टेशन पहुंचा, तो मौके पर हलका विधायक भी पहुंच गए।
उन्होंने थाना प्रभारी पर आरोप लगाया कि वह सियासी दबाव में आकर एक तरफा कार्रवाई कर रहे हैं। संदोआ ने कहा कि जादा बदमाशी तुहाडी, आह खड़ा मैं, लाओ जिन्ने हत्थ लाणा। लोकां ते पर्चे झूठे तुसीं करदे, ज्यादा दिमाग खराब हो गया झूठे पर्चे दर्ज करण वाले दा। असीं नी डरदे, ऐदां दे 36 एसएचओ घुमदे। पंजाह बार बोलया कि गलत कम्म न करया कर। पहलां सस्पेंड होण तों बचैया इह, लोका ने मैंनू चुण के भेजया होया। पहले भी कई मंत्री और कई एसएचओ पर्चे दर्ज करन आए, पर ऐथे ते भज के गए सारे। वहीं मौके पर थाना प्रभारी ब्रिकमजीत सिंह ने उन्हें क्रास केस दर्ज करने का विश्वास दिलाया।
यह है सारा मामला
नूरपुरबेदी पुलिस ने 11 मार्च को हुए एक झगड़े में गांव भोलेवाल की महिला बिमला देवी पत्नी राम कृष्ण की शिकायत पर पहले पक्ष के व्यक्तियों में शामिल लाल चंद, उसकी पत्नी परमजीत कौर, उसके भाई परस राम व उसकी पत्नी जस्सी के खिलाफ मामला दर्ज कर परस राम को गिरफ्तार कर लिया गया। थाने में पहुंची परस राम की माता चरणो व बहन ने बताया कि एक एएसआइ उनके लड़के परस राम को यह कहकर साथ ले गया कि वह दूसरे पक्ष के व्यक्तियों को भी साथ थाने लेकर जा रहा है, पर पुलिस ने झूठ बोलकर व सियासी दबाव में उन पर ही मामला दर्ज कर लिया। वहीं इस बारे में विधायक अमरजीत सिंह संदोआ ने कहा कि वह शुक्रवार को पुलिस अधिकारियों से मिले हैं। उन्होंने कहा कि इस बारे में क्रास केस दर्ज किया जा रहा है। अगर फिर भी कोई कार्रवाई नहीं होती है, तो फिर से प्रदर्शन किया जाएगा।