विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दोआबा से काशी तक 2558 KM का सफर, जालंधर से आज शुरू होगी भाजपा की समरसता यात्रा; पंडाल में नहीं दिखेंगे पार्टी के झंडे

By Jagjeet Singh SushantEdited By: Prince Sharma
Published: Wed, 18 Nov 2026 10:59 AM (IST)

भाजपा की सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा जालंधर से शुरू हुई, जो गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को ...और पढ़ें

बीजेपी की समरसता संकल्प यात्रा आज से शुरू (जागरण फोटो)

बीजेपी की समरसता संकल्प यात्रा आज से शुरू (जागरण फोटो)

HighLights

  1. यात्रा जालंधर से शुरू, वाराणसी में होगी समाप्त।

  2. गुरु रविदास जी के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित।

  3. पीएम मोदी, सीएम योगी समापन समारोह में होंगे शामिल।

जगजीत सिंह सुशांत, जालंधर। भाजपा की सामाजिक समरसता संकल्प यात्रा बुधवार को जालंधर के रायपुर रसूलपुर से दोपहर करीब 1:00 बजे रवाना होगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन यात्रा का शुभारंभ करेंगे।

गुरु रविदास जी महाराज के 650वें प्रकाश पर्व को समर्पित यह यात्रा जालंधर से शुरू होकर 2,558 किलोमीटर का सफर तय करेगी और 3 दिसंबर को वाराणसी में समाप्त होगी। समापन समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शामिल होने की संभावना है।

भाजपा के प्रदेश सचिव एवं जालंधर के प्रभारी सूरज भारद्वाज ने कहा कि यह धार्मिक और सामाजिक आयोजन है, राजनीतिक रैली नहीं। इसी वजह से यात्रा के शुभारंभ के लिए तैयार पंडाल में भाजपा के झंडे नहीं लगाए जाएंगे। मंच दो लेयर में बनाया गया है। संत ऊपर बैठेंगे और भाजपा नेता दूसरी पंक्ति में रहेंगे।

प्रमुख नेताओं को सौंपी सभा को संबोधित करने की जिम्मेदारी

पार्टी के कुछ प्रमुख नेता सभा को संबोधित करेंगे, जबकि कार्यक्रम में अधिकांश समय संतों को दिया जाएगा। सभा में राज्यसभा सदस्य और भाजपा के राष्ट्रीय कार्यालय प्रभारी तरुण चुग, पंजाब प्रभारी सतीश पूनिया, सह प्रभारी वरिंदर सचदेवा तथा प्रदेश प्रधान केवल सिंह ढिल्लों सहित कई नेता मौजूद रहेंगे।

पहले दिन नितिन नवीन यात्रा को रवाना करेंगे। इसके बाद पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष मनप्रीत बादल, लाल सिंह आर्य, केंद्रीय मंत्री वीरेंद्र खटीक और अन्य वरिष्ठ नेता यात्रा के साथ रहेंगे। इनमें से प्रत्येक नेता एक-एक दिन यात्रा की जिम्मेदारी संभालेगा। यात्रा संत समाज के नेतृत्व में शुरू की जानी है।

ऐसे में सबकी नजर डेरा सचखंड बल्लां के प्रमुख संत निरंजनदास जी महाराज की मौजूदगी पर रहेगी, वो शामिल होते हैं या नहीं। भाजपा ने पहले यात्रा डेरा सचखंड बल्लां से शुरू करने की योजना बनाई थी, लेकिन कुछ कारणों से स्थान बदलकर गांव रायपुर रसूलपुर किया गया। यह गांव डेरे से कुछ दूरी पर है।

पिछले कुछ दिनों से डेरे को लेकर विवाद चल रहा है और ऐसी चर्चा है कि डेरा राजनीतिक गतिविधियों से दूरी बना सकता है। हालांकि कार्यक्रम को राजनीतिक रंग न देने के उद्देश्य से इसका संचालन संतों की अगुआई में किया जा रहा है।

जिलेवार इस तरह बढ़ेगी यात्रा

राजनीतिक गणित भी चर्चा में यात्रा का मार्ग धार्मिक है, लेकिन इसके राजनीतिक संदेश की भी चर्चा है। पंजाब में यात्रा जिन 14 जिलों से गुजरेगी, उनमें 61 विधानसभा क्षेत्र आते हैं। इनमें कई ऐसी सीटें हैं, जहां भाजपा पहले अकाली दल के साथ गठबंधन में चुनाव लड़ती रही है और लोकसभा चुनाव के दौरान भी मजबूत रही है।

पंजाब में कुल 34 आरक्षित सीटें हैं। यात्रा का बड़ा हिस्सा यहीं से गुजरेगा। दोआबा क्षेत्र का महत्व इसलिए भी है कि यहां दलित मतदाताओं की संख्या सबसे अधिक है और भाजपा इस समय रविदासिया समाज पर केंद्रित है।

भाजपा और शिअद के बीच 47-70 सीटों को लेकर सहमति बनने की चर्चा भी है। इस फार्मूले के तहत भाजपा के 47 और अकाली दल के 70 सीटों पर चुनाव लड़ने की बात कही जा रही है।

अन्य राज्यों के 46 शहरों तक पहुंचेगी भाजपा की यात्रा यात्रा पंजाब में पांच दिन रहेगी और इस दौरान 14 जिलों में करीब 700 किलोमीटर का सफर तय करेगी। जालंधर से रवाना होकर यह होशियारपुर, पठानकोट, गुरदासपुर, अमृतसर, तरनतारन, फिरोजपुर, श्री मुक्तसर साहिब, बठिंडा, संगरूर, लुधियाना, रूपनगर और मोहाली से होते हुए चंडीगढ़ पहुंचेगी।

इसके बाद हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश से गुजरते हुए सात राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के 46 शहरों तक पहुंचेगी। भाजपा का दावा है कि यात्रा के जरिए गुरु रविदास जी का समानता, भक्ति और सामाजिक एकता का संदेश दो करोड़ से अधिक लोगों तक पहुंचाया जाएगा।

यात्रा मार्ग पर चलेगा स्वच्छता अभियान: लाल सिंह

आर्य भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य और एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश राम ने बताया कि गुरु रविदास महाराज की 650वें प्रकाश पर्व पर यात्रा के दौरान मार्ग में रोज स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा।

मंदिरों में दर्शन-पूजा, एससी समुदाय के लोगों से संवाद, महापुरुषों को श्रद्धांजलि, स्वागत समारोह, जिला बैठक, जनसभा और समरसता भोज भी आयोजित होंगे। यात्रा के दौरान 100 से अधिक छोटी सभाएं और 17 विशाल जनसभाएं होंगी। इनमें केंद्रीय मंत्री और भाजपा पदाधिकारी संबोधित करेंगे। आयोजकों के अनुसार, इन कार्यक्रमों का उद्देश्य ‘बेगमपुरा’ और सामाजिक समानता का संदेश घर-घर तक पहुंचाना है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।