कर्फ्यू में भी नहीं रुक रही नशा तस्करी, 21 वर्षीय युवक की ओवरडोज से मौत
अमनदीप के परिजन व भाजपा नेता अशोक सरीन ने बताया कि अमनदीप स्नैचिंग के केस में जेल में था। शुक्रवार को वह सजा पूरी कर घर लौटा था।
जालंधर, जेएनएन। कोरोना वायरस संकट के कारण पूरे पंजाब में भर में कर्फ्यू/लॉकडाउन के बावजूद नशा तस्करी रुकने का नाम नहीं ले रही। इसी का नतीजा है कि जेल से एक दिन पहले ही सजा पूरी कर घर लौटे 21 वर्षीय अमनदीप उर्फ काली की नशे की ओवरडोज से मौत हो गई। वह अपने कमल विहार स्थित घर से शनिवार दोपहर को थाना नई बारादरी के क्षेत्र में 40 क्वार्टर में गया था, जहां उसकी हालत खराब होने के बाद उसे अस्पताल ले जाया गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अमनदीप के परिजन व भाजपा नेता अशोक सरीन ने बताया कि अमनदीप स्नैचिंग के केस में जेल में था। शुक्रवार को वह सजा पूरी कर घर लौटा था। अगले दिन शनिवार को वह अपने चार दोस्तों के साथ घर से निकला था। दोपहर को उसकी मां को प्रेम नगर के रहने वाले युवक का फोन आया। उसने बताया कि कि उनका बेटा नशे की ओवरडोज के कारण गंभीर हालत में 40 क्वार्टर के पास एक बंजर क्वार्टर में पड़ा हुआ है। वह तुरंत मौके पर पहुंची और अमनदीप को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया। सिविल अस्पताल में हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे न्यू रूबी अस्पताल रेफर कर दिया। वहां उसकी इलाज के दौरान देर रात मौत हो गई।
कर्फ्यू के बावजूद नशे की ओवरडोज से मौत चिंता का विषय....
युवक की नशे की ओवरडोज से मौत के बाद मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को लिखे पत्र में पंजाब युवा भाजपा मिडिया इंचार्ज एडवोकेट अशोक सरीन हिक्की ने पुलिस प्रशासन की सख्ती पर सवाल उठाया है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी को रोकने के लिए प्रशासन की सख्ती के बावजूद जालंधर केंद्रीय विधानसभा क्षेत्र में नशे की ओवरडोज से 21 वर्षीय युवा की मृत्यु चिंता का विषय है। इससे साफ जाहिर होता है कि ऐसे हालात में भी तस्कर अपने स्वार्थों के लिए जनता को नशा बेचने में लगे हुए हैं।
हरियाणा की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
पंजाब की ताजा खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें