केजरीवाल 24 को जालंधर में, बिताएंगे रात
जागरण संवाददाता, जालंधर : दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 24 अक्टूब
जागरण संवाददाता, जालंधर : दिल्ली के मुख्यमंत्री व आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल 24 अक्टूबर को जालंधर पहुंच रहे हैं। वह पहली बार जालंधर में रात बिताएंगे। रविवार शाम 4 बजे वह नेशनल हाईवे स्थित धामी पैलेस में आप वालंटियर्स की एक बैठक को संबोधित करेंगे। बैठक में जालंधर से कई उद्यमियों के भी शामिल होने की संभावना है, जिसमें वह अपनी समस्याएं भी केजरीवाल के समक्ष रख सकते हैं। इसके बाद वह सर्किट हाउस में रात बिताएंगे। पार्टी के सीनियर नेता सर्किट हाउस में ही उनसे मिलेंगे। सर्किट हाउस से सुबह 8 बजे वह बटाला के लिए रवाना होंगे। बटाला में भी उनकी एक खास बैठक है। इसके अलावा और भी कई व्यस्तताएं हैं।
बता दें कि विधानसभा चुनाव में आम आदमी पार्टी ने अपनी टिकटें बांट दी हैं। केजरीवाल जालंधर में दोआबा जोन के उम्मीदवारों के साथ जालंधर में खास बैठक भी कर सकते हैं। पार्टी सूत्रों के मुताबिक उम्मीदवारों को केजरीवाल जीत का मंत्र देंगे। हालांकि आधिकारिक तौर पर किसी भी नेता ने केजरीवाल की पार्टी उम्मीदवारों के साथ बैठक की पुष्टि नहीं की। सिर्फ उनके जालंधर आने की सूचना की ही पुष्टी हो पाई है। उधर, अरविंद केजरीवाल के दौरे को लेकर जालंधर पुलिस व प्रशासन को एलर्ट पर रखा गया है। सर्किट हाउस के आसपास पुलिस की किलेबंदी रहेगी। सेहत विभाग की स्पेशल टीम को भी एलर्ट पर रखा गया है।