साल के अंत तक लुधियाना-जालंधर के बीच 130 किमी/घंटा की स्पीड से चलेंगी ट्रेनें, ट्रैक व सिग्नल अपग्रेडेशन का काम तेज
अब जल्द जालंधर में ट्रेनें तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आएंगी। इसी साल जालंधर-लुधियाना रेल सेक्शन के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी। इसके लिए ट्रैक और सिग्नल अपग्रेडेशन का काम तेजी से चल रहा है।
जालंधर, जेएनएन। विदेश की तरह अब जल्द जालंधर में ट्रेनें तेज रफ्तार से दौड़ती नजर आएंगी। इसी साल जालंधर-लुधियाना रेल सेक्शन के बीच 130 किलोमीटर प्रति घंटा की स्पीड से ट्रेनें चलनी शुरू हो जाएंगी। इसके लिए ट्रैक और सिग्नल अपग्रेडेशन का काम तेजी से चल रहा है।
वरिष्ठ मंडल अभियंता अनुराग कुमार ने बताया कि लुधियाना-जालंधर सेक्शन के बीच ट्रैक के अपग्रेडेशन का कार्य तेज गति से चल रहा है। अत्याधुनिक मशीनों जैसे-टी-28 मशीन, यूनिमेट और अन्य मशीनों का उपयोग करके काम तेजी से निपटाया जा रहा है। तेज रफ्तार क्षमता के लिए ट्रैक के लगभग 40 कांटों का बैलास्ट कुशन 300 से 350 मिलीमीटर बढ़ाने का कार्य, 52 किलोग्राम सेक्शन वाले रेल ट्रैक को 60 किलोग्राम में बदला जा रहा है। अत्याधुनिक उच्च गति वाले पाइंट व क्रासिंग (थिक वेब स्विच) लगाने का कार्य सभी स्टेशनों पर किया जा रहा है।
इस सेक्शन में पड़ने वाले सतलुज ब्रिज और अन्य पुलों के ऊपर ट्रैक को जल्द अपग्रेड किया जाएगा। लोको पायलट को मार्ग में आगे आने वाली सिगनल की एडवांस स्थिति को बताने के लिए डबल डिस्टेंस सिग्नल प्रणाली उपयोग में लाई जाएगी। तेज रफ्तार ट्रेन से लुधियाना-जालंधर कोरिडोर में लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए रेलवे की सीमा में दीवार बनाने का कार्य भी प्रगति पर है। यह सारे कार्य इस वर्ष के अंत तक पूर्ण करने का प्रयास किया जा रहा है | इसके बाद 130 किमी/घंटा की सेक्शन स्पीड के ट्रायल किए जाएंगे।
साहनेवाल-लुधियाना के बीच 130 किमी/घंटा की गति शीघ्र
उन्होंने बताया कि साहनेवाल-लुधियाना के बीच 130 किमी/घंटा की स्पीड से यात्री गाड़ी चलाने के लिए स्वीकृति प्राप्त हो गई है। अभी ट्रायल किए जा रहे हैं। शीघ्र 130 किमी/घंटा की गति से दिल्ली से लुधियाना तक यात्री ट्रेनें चलने लगेंगी।