वैष्णो देवी जा रहे परिवार की कार खाई में गिरी, जालंधर-पठानकोट नेशनल हाईवे पर दर्दनाक हादसा; मां-बेटी की मौत
मुकेरियां में जालंधर-पठानकोट हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में माता वैष्णो देवी जा रहे परिवार की कार खाई में गिर गई।

वैष्णो देवी के दर्शनों को जा रहे परिवार की कार खाई में गिरी, मां-बेटी की मौत।
HighLights
जालंधर-पठानकोट हाईवे पर कार गहरी खाई में गिरी
हादसे में मां और आठ वर्षीय बेटी की मौत हुई
वैष्णो देवी जा रहा परिवार दुर्घटना का शिकार हुआ
जागरण संवाददाता, मुकेरियां। माता वैष्णो देवी के दर्शनों की आस लेकर घर से निकले परिवार की खुशियां जालंधर-पठानकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुए दर्दनाक हादसे में मातम में बदल गईं।
वीरवार तड़के एमा मांगट के पास चालक को नींद की झपकी आने से मारुति ब्रेजा कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में मां और आठ वर्षीय बेटी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पिता और परिवार की दो अन्य बेटियां घायल हो गईं।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर जिले के गांव गंगा हरी निवासी उमेश कुमार (40) अपने परिवार के साथ कार (यूपी 13 बीएफ 1122) में सवार होकर माता वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए जा रहे थे।
वीरवार सुबह करीब 4:50 बजे जब कार एमा मांगट के पास पहुंची तो चालक को नींद की झपकी आ गई। इससे कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरे गड्ढे में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई।
हादसे में मां-बेटी ने तोड़ा दम
हादसे में रजनी देवी (35) और उमेश कुमार की आठ वर्षीय बेटी सृष्टि की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, उमेश कुमार और उनकी दो बेटियां अंशी (10) तथा अरुषि (6) घायल हो गईं। एक ही परिवार के दो सदस्यों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।
हादसे की सूचना मिलते ही एसएसएफ टीम के एएसआई बूटा सिंह, कांस्टेबल रणजीत सिंह और कांस्टेबल रोहित कुमार मौके पर पहुंचे। टीम ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए घायलों को सिविल अस्पताल मुकेरियां पहुंचाया।
दोनों मृतकों के शव अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिए गए। वैष्णो देवी के दर्शनों के लिए निकले परिवार का सफर कभी न भूलने वाली त्रासदी में बदल गया।